दिलजीत दोसांझ के लाइव कॉन्सर्ट में सुरक्षा चूक: स्टेज पर झंडा लेकर चढ़ा खालिस्तानी समर्थक
ग्लोबल स्टार और पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) के लाइव शो में एक बार फिर भारी सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है. कैलिफोर्निया में चल रहे उनके एक कॉन्सर्ट के दौरान एक प्रो-खालिस्तान प्रदर्शनकारी (Khalistan Supporter) सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए अचानक स्टेज पर चढ़ गया. इतना ही नहीं, वह शख्स हाथ में झंडा लहराते हुए सीधे दिलजीत के बगल में पहुंचकर डांस करने लगा. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अमेरिकी पुलिस उस प्रदर्शनकारी को हथकड़ी लगाकर बाहर ले जाती हुई दिख रही है.
सैन फ्रैंसिस्को के चेस सेंटर में मची अफरा-तफरी
दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने 'दिल-लुमिनाटी' वर्ल्ड टूर पर हैं. इसी सिलसिले में सैन फ्रैंसिस्को के चेस सेंटर (Chase Center, San Francisco) में उनका एक बड़ा कॉन्सर्ट आयोजित किया गया था. जब दिलजीत स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे और हजारों फैंस झूम रहे थे, तभी अचानक एक शख्स हाथ में खालिस्तानी झंडा लेकर स्टेज पर कूद गया.
वह दिलजीत के बेहद करीब पहुंच गया और स्टेज के आगे आकर नाचने लगा. इस अचानक हुई हरकत से दिलजीत दोसांझ भी हैरान रह गए और उन्होंने कुछ पलों के लिए अपनी परफॉर्मेंस रोक दी. इसी बीच पीछे से सुरक्षाकर्मी दौड़कर आए और उन्होंने शख्स को दबोच लिया. सिक्योरिटी टीम उसे घसीटते हुए स्टेज से नीचे ले गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वेन्यू के बाहर तैनात अमेरिकी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी शख्स को तुरंत गिरफ्तार कर लिया.
पहले भी दिलजीत के शो में हो चुका है ऐसा बवाल
यह पहली बार नहीं है जब दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में इस तरह की अव्यवस्था फैलाने की कोशिश की गई हो. इससे पहले अप्रैल के महीने में जब दिलजीत कनाडा में परफॉर्म कर रहे थे, तब भी कुछ प्रदर्शनकारियों ने शो के बाहर पहुंचकर नारेबाजी की थी और झंडे लहराए थे. उस वक्त भी सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वेन्यू से खदेड़ दिया था.
उपद्रवियों को लेकर दिलजीत दोसांझ दे चुके हैं कड़ा संदेश
इस तरह की हरकतों पर दिलजीत दोसांझ पहले ही अपना कड़ा रुख साफ कर चुके हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक नोट शेयर करते हुए लिखा था, “बाहर खड़े होकर कोई भी प्रदर्शन कर सकता है. लेकिन अगर आप अंदर आने की कोशिश करते हैं और मेरे फैंस को परेशान करते हैं, तो यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अगर कोई बैनर या झंडा लाता है, तो इसका मतलब है कि वह दिखाना चाहता है कि वह कहां से आया है और मेरा सपोर्टर है. लेकिन अगर आप उसी बैनर को लेकर मेरे फैंस को गाली देते हैं, अंदर जबरदस्ती घुसने की कोशिश करते हैं या कोई और बदतमीजी करते हैं, तो इसे बिल्कुल सहन नहीं किया जाएगा.”