Rampur News: जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण पर मचा बवाल, DM कार्यालय पहुंचा सपा का प्रतिनिधिमंडल
रामपुर। मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के 38 अवैध घोषित भवनों को गिराने के फैसले के खिलाफ समाजवादी पार्टी (सपा) ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को बचाने के लिए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में 45 सदस्यीय सपा प्रतिनिधिमंडल रामपुर जिलाधिकारी (DM) से मिला और ध्वस्तीकरण आदेश को तत्काल निरस्त करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
हजारों छात्रों और शिक्षकों के भविष्य का हवाला
सपा डेलीगेशन ने प्रशासन की कार्रवाई पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि यह मामला हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के भविष्य से जुड़ा है। सपा नेताओं का तर्क है कि जब इन भवनों का निर्माण हुआ था, तब ग्राम सिहोनिया खेड़ा रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के अधिसूचित क्षेत्र में शामिल ही नहीं था। इसे सितंबर 2024 में विकास क्षेत्र में लाया गया, इसलिए पुराने निर्माण पर यह नियम लागू नहीं होता।
RDA ने क्यों जारी किया 38 भवनों को ढहाने का फरमान?
रामपुर विकास प्राधिकरण के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर में बने कुल 40 भवनों में से केवल 2 का ही नक्शा स्वीकृत है। बाकी 38 भवनों का निर्माण बिना किसी वैध अनुमति या पास नक्शे के कराया गया था। नोटिस के बाद भी संतोषजनक जवाब न मिलने पर प्रशासन ने इन्हें ढहाने का आदेश जारी किया था, जिससे रामपुर की सियासत एक बार फिर गरमा गई है।