प्रधानमंत्री मोदी असम दौरे पर: शिवभक्त मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, जनता से किया भावनात्मक संवाद
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-15 16:39:00
India News Live,Digital Desk : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय पूर्वोत्तर के दौरे पर हैं। आज उन्होंने असम के दरांग में बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए अपनी भावनाएँ साझा कीं और खुद को भगवान शिव का भक्त बताया। साथ ही, उन्होंने विपक्षी कांग्रेस पर तीखा हमला किया।
पीएम मोदी ने सभा में कहा, “ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह मेरी पहली असम यात्रा है। माँ कामाख्या के आशीर्वाद से ऑपरेशन सिंदूर सफल रहा। इसलिए आज माँ कामाख्या की पावन धरती पर आकर मुझे बेहद खुशी और पुण्य की अनुभूति हो रही है। आज असम में जन्माष्टमी भी मनाई जा रही है। आप सभी को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ।”
मोदी ने आगे कहा, “आप मुझे जितनी चाहें गालियाँ दे सकते हैं। मैं भगवान शिव का भक्त हूँ, इसलिए मैं हर जहर सह सकता हूँ। लेकिन जब किसी और का अपमान होता है, तो मैं चुप नहीं रह सकता।’’ उन्होंने जनता से यह भी पूछा कि क्या भूपेन हज़ारिका को भारत रत्न देने का फैसला सही था।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया था कि नरेंद्र मोदी केवल नाच-गाने वालों को भारत रत्न दे रहे हैं। पीएम मोदी ने इसे खारिज करते हुए कहा कि 1962 के चीन युद्ध के बाद पूर्वोत्तर के लोगों के जख्म अभी भी भरे नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि असम के महान सपूतों ने जो सपना देखा था, उसे पूरा करने में भाजपा की डबल इंजन सरकार कोई कमी नहीं छोड़ेगी। मोदी ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता ही उनका रिमोट कंट्रोल है।