योगी के सख्त निर्देश के बाद एक्शन मोड में पुलिस, लखनऊ में चाइनीज मांझे के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी
- by Priyanka Tiwari
- 2026-02-05 16:46:00
India News Live,Digital Desk : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देशों के बाद राजधानी लखनऊ में पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। गुरुवार को पुराने लखनऊ के इलाकों में पतंग और मांझा बेचने वाली दुकानों पर बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाना है।
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं सड़कों पर उतर आए। डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने चौक, वजीरगंज, बाजार खाला और ठाकुरगंज जैसे इलाकों में पतंग की दुकानों की सघन तलाशी ली। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि प्रतिबंधित मांझा बेचते पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
युवक की मौत के बाद बढ़ी सख्ती
हाल ही में हैदरगंज ओवरब्रिज पर चाइनीज मांझे से गला कटने के कारण युवक शोएब की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरी नाराजगी जताई थी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि इस जानलेवा मांझे की बिक्री किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस के सभी जोन में विशेष अभियान चलाया गया। पश्चिमी जोन में थाना स्तर की पुलिस फोर्स को भी कार्रवाई में लगाया गया, ताकि कोई भी दुकानदार नियमों को तोड़ने की हिम्मत न कर सके।
पूरे प्रदेश में चलेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई केवल लखनऊ तक सीमित नहीं रहेगी। प्रदेश के सभी जिलों में चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार, अब चाइनीज मांझे से होने वाली मौत के मामलों में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी चाइनीज मांझा बिकता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।