BREAKING:
July 29 2026 12:03 am

Now testing will be faster यूपी में चार नई लैब्स से खाद्य व औषधि नमूनों की टेस्टिंग शुरू

Post

India News Live,Digital Desk : उत्तर प्रदेश में खाद्य पदार्थों और दवाओं की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया अब और तेज होने जा रही है। राज्य सरकार ने कानपुर, अयोध्या, सहारनपुर और अलीगढ़ में नई क्षेत्रीय जनविश्लेषक प्रयोगशालाओं की शुरुआत कर दी है, जहां इसी महीने से नमूनों की जांच शुरू हो जाएगी। इन प्रयोगशालाओं में हर साल करीब 24 हजार नमूनों की जांच हो सकेगी।

सरकार का लक्ष्य है कि सभी मंडल मुख्यालयों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएं। इसी उद्देश्य के तहत 12 मंडल मुख्यालयों में नई लैब्स के निर्माण का काम शुरू किया गया था, जिनमें से 10 का निर्माण पूरा हो चुका है।

फिलहाल जिन चार प्रयोगशालाओं में काम शुरू हुआ है, वहां प्रभारी अधिकारियों की तैनाती भी कर दी गई है। अयोध्या में साइंटिफिक ऑफिसर विनय तिवारी, सहारनपुर में एएल श्रीवास्तव, कानपुर में उमेश चंद्र गंगवार और अलीगढ़ में अजीत कुमार यादव को प्रभारी बनाया गया है। इनकी नियुक्ति खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त राजेश कुमार द्वारा की गई है।

अब तक लखनऊ, आगरा, मेरठ, वाराणसी, गोरखपुर और झांसी में ही ऐसी प्रयोगशालाएं थीं, जो हर साल करीब 36 हजार नमूनों की जांच कर रही थीं। लेकिन चार नई लैब्स के जुड़ने से यह क्षमता अब सालाना 60 हजार तक पहुंच जाएगी।

आयुक्त के अनुसार, बाकी बची आठ प्रयोगशालाओं में से बांदा और आजमगढ़ को छोड़कर बाकी छह लैब्स में अक्टूबर से काम शुरू हो जाएगा।