अब नहीं आएंगी फेक कॉल! ट्राई की नई CNAP सर्विस से पता चलेगा कॉल करने वाले का असली नाम

Post

India News Live,Digital Desk : आजकल लगभग हर किसी को अनजान नंबरों से रोज़ाना अनगिनत कॉल आते हैं। अक्सर ये फ्रॉड या स्पैम कॉल होते हैं, जो परेशानी का कारण बनते हैं। अब इस समस्या का स्थायी समाधान नज़दीक है। ट्राई (भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण) ने कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन (CNAP) को मंज़ूरी दे दी है।

अब, जब आपको कोई कॉल आएगी, तो आप न सिर्फ़ नंबर देख पाएँगे, बल्कि कॉल करने वाले का असली नाम भी देख पाएँगे। इस सेवा के शुरू होने से, उपयोगकर्ता कॉल करने वाले की असली पहचान कर पाएँगे और धोखाधड़ी वाली कॉल से बच पाएँगे। अब, कई लोग सोच रहे हैं कि क्या इसके लिए उन्हें अपने फ़ोन की कोई सेटिंग बदलनी पड़ेगी। तो आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।

सीएनएपी सेवा क्या है?

CNAP (कॉलिंग नेम प्रेजेंटेशन) एक ऐसी तकनीक है जो कॉल आने पर आपके मोबाइल स्क्रीन पर कॉलर का नाम प्रदर्शित करती है। यह नाम, मोबाइल नंबर से जुड़ी टेलीकॉम कंपनी के पास पंजीकृत असली नाम होता है। इसका मतलब है कि आपको Truecaller जैसे थर्ड-पार्टी ऐप्स पर निर्भर रहने की ज़रूरत नहीं होगी। CNAP का उद्देश्य लोगों को धोखाधड़ी वाली कॉल और स्पैम से बचाना और पारदर्शिता बढ़ाना है।

ट्राई ने दूरसंचार विभाग (DoT) के साथ मिलकर इस सेवा को चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में लागू करने का फैसला किया है। शुरुआत में यह 4G और 5G नेटवर्क पर उपलब्ध होगी, जबकि तकनीकी उन्नयन के बाद 2G और 3G उपयोगकर्ताओं को इसका लाभ मिलेगा।

क्या आपको अपने फ़ोन की सेटिंग बदलनी होगी?
ट्राई के अनुसार, इस सेवा का लाभ उठाने के लिए उपयोगकर्ताओं को कोई सेटिंग बदलने की ज़रूरत नहीं होगी। CNAP सभी मोबाइल नेटवर्क पर डिफ़ॉल्ट रूप से सक्षम होगा। हालाँकि, जो लोग अपनी जानकारी स्क्रीन पर प्रदर्शित नहीं करना चाहते, वे इसे अक्षम कर सकते हैं। दूरसंचार ऑपरेटर अपने पोर्टल या मोबाइल ऐप पर ऑप्ट-आउट सुविधा प्रदान करेंगे। कुछ मोबाइल कंपनियाँ इसे सिस्टम अपडेट के माध्यम से शामिल करेंगी ताकि हर उपयोगकर्ता सही जानकारी देख सके।

क्या होगा फ़ायदा?
CNAP का सबसे बड़ा फ़ायदा यह है कि इससे धोखाधड़ी और फ़र्ज़ी कॉल्स पर रोक लगेगी। अब कोई भी अजनबी फ़र्ज़ी नाम या फ़ोन नंबर से लोगों को गुमराह नहीं कर पाएगा। कॉल करने वाले का असली नाम देखकर यूज़र्स तुरंत पता लगा पाएँगे कि कॉल असली है या नहीं।