दिल्ली-एनसीआर में फिर बारिश और बाढ़ का खतरा, यमुना का पानी बढ़ने से कई इलाके जलमग्न

Post

India News Live,Digital Desk : दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह का आगाज़ बारिश के साथ हुआ। सुबह कई इलाकों में तेज़ बारिश हुई, जिससे शहर के कई हिस्सों में पानी भरने की स्थिति बन गई है। इस बीच यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और नदी किनारे के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। खराब मौसम की वजह से हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा है।

यमुना किनारे बाढ़ के हालात

यमुना का पानी अब रिहायशी इलाकों तक पहुंच चुका है। दिल्ली सचिवालय परिसर तक पानी भर गया है। यमुना बाज़ार, मजनू का टीला, गीता कॉलोनी, मयूर विहार जैसे इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया है।

कश्मीरी गेट और सिविल लाइन जैसे इलाकों के कुछ हिस्से भी जलमग्न हो चुके हैं। हालात बिगड़ने के चलते यमुना बाज़ार के पास स्थित एक निजी अस्पताल को खाली करवाना पड़ा है। रिंग रोड, निगम बोध घाट, शांति वन, मठ बाज़ार और वासुदेव घाट-यमुना बाज़ार तक पानी पहुंच गया है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है।

राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज़

इस बीच आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राहत शिविर वहां लगाए गए हैं, जहां पहले से ही बाढ़ का पानी भर चुका है। आप नेताओं का कहना है कि इन शिविरों से लोगों को कोई राहत नहीं मिलने वाली।