Manoj Bajpayee's 'Jugnu: द फेबल’ OTT पर रिलीज, इंटरनेशनल अवॉर्ड जीतने वाली फिल्म अब घर बैठे देखें
India News Live,Digital Desk : अभिनेता मनोज बाजपेयी की लेटेस्ट फिल्म ‘जुगनूमा: द फेबल’ इन दिनों सुर्खियों में है। निर्देशक और लेखक राम रेड्डी की यह फिल्म इंटरनेशनल लेवल पर भारत का नाम रोशन कर चुकी है। फिल्म ने 38वें लीड्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (यूके) में बेस्ट फिल्म अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया था। इसके अलावा, 2024 में MAMI मुंबई फिल्म फेस्टिवल में इसे स्पेशल जूरी अवॉर्ड भी मिला। अब यह चर्चित फिल्म आखिरकार OTT पर रिलीज हो चुकी है।
सिनेमाघरों में भी मिली थी जबरदस्त तारीफ
‘जुगनूमा: द फेबल’ को 12 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। रिलीज के बाद क्रिटिक्स ने फिल्म की कहानी और खासतौर पर मनोज बाजपेयी की दमदार अदाकारी की जमकर सराहना की। अगर आप यह फिल्म थिएटर में नहीं देख पाए थे, तो अब इसे घर बैठे आराम से देख सकते हैं।
क्या है जुगनूमा: द फेबल की कहानी?
यह फिल्म 1989 के दौर की पृष्ठभूमि पर आधारित एक अनोखी ड्रामा-थ्रिलर है। कहानी देव नाम के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे मनोज बाजपेयी ने निभाया है। देव हिमालय में एक बगीचे का अमीर मालिक है और हाथ से बने पंखों की मदद से उड़ने का शौक रखता है।
जब उसके बगीचे के पेड़ रहस्यमय तरीके से जलने लगते हैं, तो उसकी शांत जिंदगी धीरे-धीरे शक, डर और सच्चाई की तलाश में बदल जाती है। हालात उसे खुद और अपने परिवार की असली पहचान से रूबरू होने पर मजबूर कर देते हैं।
कब और कहां देखें जुगनूमा?
इंटरनेशनल अवॉर्ड जीत चुकी यह फिल्म अब Prime Video पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है। प्लेटफॉर्म ने फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “जब जिंदगी जादू से मिलती है – जुगनूमा अब प्राइम पर देखें।”
स्टारकास्ट और प्रोडक्शन
मनोज बाजपेयी के साथ फिल्म में हीरल सिद्धू (देव की बेटी वान्या), प्रियंका बोस (पत्नी नंदिनी), अवन पूकोट (बेटे जूजू), तिलोत्तमा शोम, दीपक डोबरियाल और गुरपाल सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।
फिल्म को प्रताप रेड्डी, सनमिन पार्क, गुनीत मोंगा, अनुराग कश्यप और गणेश शेट्टी ने प्रोड्यूस किया है।