Border 2 Box Office: सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ ने मचाया तहलका, दो दिनों में 60 करोड़ पार, देशभक्ति पर झूमे दर्शक

Post

India News Live,Digital Desk : सनी देओल (Sunny Deol) की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार एंट्री की है। 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस मल्टीस्टारर फिल्म का दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था, जो अब शानदार कमाई और पॉजिटिव रिव्यू के रूप में नजर आ रहा है। फिल्म को दर्शकों के साथ-साथ क्रिटिक्स से भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

बॉर्डर का सीक्वल, नई स्टारकास्ट के साथ लौटा देशभक्ति का जज्बा

‘बॉर्डर 2’ साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है, जिसे जे. पी. दत्ता ने निर्देशित किया था। इस बार फिल्म की कमान अनुराग सिंह ने संभाली है। सनी देओल के साथ इस फिल्म में वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

दूसरे दिन भी नहीं थमा कमाई का सिलसिला

फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत करते हुए पहले दिन 32 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं दूसरे दिन के अर्ली ट्रेंड्स के मुताबिक फिल्म ने 30.04 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। इस तरह दो दिनों में ही फिल्म का कुल कलेक्शन 60.04 करोड़ रुपये पहुंच गया है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने महज दो दिन में ही बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बना ली है।

वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी शानदार

देश ही नहीं, विदेशों में भी ‘बॉर्डर 2’ का क्रेज देखने को मिल रहा है। फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 41 करोड़ रुपये के करीब पहुंच चुका है, जो इसकी मजबूत ओपनिंग का संकेत देता है।

किसने निभाया कौन सा किरदार?

फिल्म में वरुण धवन परमवीर चक्र से सम्मानित मेजर होशियार सिंह दहिया के किरदार में नजर आ रहे हैं।
दिलजीत दोसांझ ने फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों की भूमिका निभाई है, जो परमवीर चक्र पाने वाले एकमात्र भारतीय वायुसेना अधिकारी थे।
सनी देओल लेफ्टिनेंट कर्नल फतेह सिंह कलेर के रोल में हैं, जो मेजर जनरल हरदेव सिंह कलेर से प्रेरित है।
वहीं अहान शेट्टी लेफ्टिनेंट कमांडर एम. एस. रावत की भूमिका में भारतीय नौसेना के युद्ध योगदान को दर्शाते हैं।

1971 के युद्ध की पृष्ठभूमि में रची गई कहानी

जहां 1997 की ‘बॉर्डर’ फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान लोंगेवाला की ऐतिहासिक लड़ाई पर आधारित थी, वहीं ‘बॉर्डर 2’ भी उसी संघर्ष की पृष्ठभूमि में देशभक्ति, बलिदान और जज्बे की कहानी को आगे बढ़ाती है।