June 22 2026 12:57 pm

Kerala भाजपा के वीवी राजेश बने तिरुवनंतपुरम के नए मेयर, 45 साल का सीपीएम का दबदबा टूटा

Post

India News Live,Digital Desk : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दक्षिणी राज्य केरल में इतिहास रच दिया। शुक्रवार को वीवी राजेश ने राजधानी तिरुवनंतपुरम के मेयर पद की शपथ ली। यह केरल में किसी नगर निगम में भाजपा की पहली जीत है।

मेयर पद संभालते ही राजेश ने कहा, "हम सब मिलकर आगे बढ़ेंगे और सभी 101 वार्डों में विकास सुनिश्चित करेंगे। तिरुवनंतपुरम को एक विकसित शहर बनाया जाएगा।" भाजपा ने इन चुनावों में कुल 101 वार्डों में से 50 में जीत हासिल की थी।

वीवी राजेश को मिले 51 वोट

मेयर चुनाव में राजेश को 51 वोट प्राप्त हुए, जिसमें एक निर्दलीय पार्षद का समर्थन भी शामिल था। वहीं, एलडीएफ के पी. शिवाजी को 29 वोट और यूडीएफ उम्मीदवार के.एस. सबरिनाथन को 19 वोट मिले, जिनमें से दो बाद में अमान्य घोषित कर दिए गए। इसके बाद वीवी राजेश ने तिरुवनंतपुरम कॉर्पोरेशन के मेयर के तौर पर शपथ ग्रहण की।

भाजपा के लिए नए अध्याय की शुरुआत

लगभग चार दशकों तक एलडीएफ के नियंत्रण में रहने के बाद अब तिरुवनंतपुरम कॉर्पोरेशन भाजपा के हाथों में है। इस जीत ने शहर की नगर राजनीति में सीपीएम के 45 साल के दबदबे को समाप्त कर दिया।

समारोह के बाद केरल भाजपा प्रमुख राजीव चंद्रशेखर ने कहा, “सीपीएम ने कांग्रेस के अप्रत्यक्ष समर्थन से तिरुवनंतपुरम को लंबे समय तक प्रभावित किया। अब भाजपा शहर के विकास और जनहित की दिशा में काम करेगी।”