बंगाल चुनाव से पहले पाला बदल अभिनेत्री पर्णो मित्रा भाजपा छोड़ तृणमूल कांग्रेस में शामिल
- by Priyanka Tiwari
- 2025-12-26 16:35:00
India News Live,Digital Desk : बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक पाला बदल का सिलसिला शुरू हो गया है। इस क्रम में बांग्ला फिल्मों की अभिनेत्री पर्णो मित्रा ने भाजपा छोड़कर शुक्रवार को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का दामन थामा।
तृणमूल भवन में, पार्टी की वरिष्ठ नेता और वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य की मौजूदगी में पर्णो ने पार्टी का झंडा पकड़कर औपचारिक रूप से सदस्यता ग्रहण की।
पर्णो मित्रा ने जताया ममता बनर्जी के कामों पर भरोसा
तृणमूल में शामिल होने के बाद पर्णो ने कहा, "भाजपा में शामिल होकर मुझे बाद में एहसास हुआ कि यह मेरा सही चुनाव नहीं था। अब मैं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विकास कार्यों और प्रदेश के लिए उनके दृष्टिकोण से प्रेरित होकर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुई हूं।"
जानकारी के मुताबिक, पर्णो मित्रा 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुई थीं, लेकिन पार्टी में उनकी सक्रियता कभी दिखाई नहीं दी। अब बंगाल की राजनीतिक पृष्ठभूमि में उनका यह कदम चुनावी हलचल को और तेज कर सकता है।