इंग्लैंड में भारतीय महिला क्रिकेटरों का जलवा, शेफाली और मंधाना की शानदार रैंकिंग छलांग

Post

India News Live,Digital Desk : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड की सरज़मीं पर पांच मैचों की टी20 सीरीज़ में शानदार जीत दर्ज की। इस सीरीज़ की सबसे बड़ी बात रही शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की धुआंधार बल्लेबाज़ी, जिसने इंग्लैंड की गेंदबाज़ी की कमर तोड़ दी।

टीम इंडिया की युवा सलामी बल्लेबाज़ शेफाली वर्मा ने तेज़-तर्रार खेल दिखाते हुए सीरीज़ में 158.56 की स्ट्राइक रेट से 176 रन बनाए। चौथे मैच में उन्होंने महज़ 41 गेंदों में 75 रन ठोक डाले, जिससे उनका आत्मविश्वास ही नहीं बढ़ा, बल्कि आईसीसी की ताज़ा टी20 रैंकिंग में भी उन्हें चार स्थान का फायदा मिला और वह टॉप-10 में जगह बनाते हुए नौवें पायदान पर पहुंच गईं।

वहीं, शेफाली की जोड़ीदार और अनुभवी बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना ने भी इस सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन किया। मंधाना ने सबसे ज़्यादा 221 रन बनाए और रैंकिंग में तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं। टॉप-3 में मंधाना के साथ ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी पहले और वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज दूसरे स्थान पर हैं।

गेंदबाज़ी की बात करें तो अरुंधति रेड्डी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह विकेट झटके। इस प्रदर्शन की बदौलत वह चार स्थान ऊपर चढ़कर 39वें नंबर पर पहुंच गई हैं। ऑलराउंडर रैंकिंग में भी उन्हें 26 स्थान का उछाल मिला है, और वह अब 80वें स्थान पर हैं।

इंग्लैंड के खिलाड़ियों को भी इस सीरीज़ का फायदा हुआ है। तेज़ गेंदबाज़ चार्ली डीन ने आखिरी मैच में 23 रन देकर तीन विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच रहीं। उनकी इस परफॉर्मेंस का इनाम उन्हें रैंकिंग में मिला, जहां वह आठ स्थान की छलांग लगाकर छठे नंबर पर आ गईं। इस स्थान पर वह पाकिस्तान की नाशरा संधू और ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वारेहम के साथ संयुक्त रूप से हैं।

इसके अलावा इंग्लैंड की बल्लेबाज़ सोफी डंकली भी सात स्थान ऊपर चढ़कर 19वें स्थान पर आ गई हैं।