BREAKING:
July 29 2026 04:07 pm

संसद में भारी हंगामा! राहुल गांधी के 'इलेक्ट्रिक शॉक' वाले बयान पर भड़की BJP, ढाल बने अखिलेश यादव

Post

लोकसभा में 'लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026' पर चर्चा के दौरान भारी सियासी घमासान देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्र आंदोलन पर हुए पुलिस एक्शन को लेकर सरकार और खासकर केंद्रीय गृह मंत्री पर सीधा व तीखा हमला बोला, जिसके बाद सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

'छात्रों पर पैलेट गन चले, इलेक्ट्रिक शॉक दिया गया'

राहुल गांधी ने सदन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आंदोलनकारी छात्रों पर पैलेट गन चलाए गए और उन्हें इलेक्ट्रिक शॉक (करंट) देने का आदेश दिया गया। केंद्रीय गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा, "भारत के कथित गृहमंत्री को यहां आने और बैठने की हिम्मत नहीं है। मैंने उनकी 30 गाड़ियों की कारकेड देखी, वे बुरी तरह हिले हुए और डरे हुए हैं, इसलिए आज सदन में नहीं हैं।" इस बयान पर लोकसभा अध्यक्ष ने उन्हें टोकते हुए स्पष्ट किया कि आज गृह मंत्रालय पर चर्चा नहीं हो रही है, जिस विषय पर चर्चा हो रही है उसके संबंधित मंत्री सदन में मौजूद हैं और यही संसदीय व्यवस्था है।

राहुल से माफी की मांग, अखिलेश यादव आए बचाव में

राहुल गांधी के 'इलेक्ट्रिक शॉक' वाले सनसनीखेज दावे पर सत्ता पक्ष ने भारी हंगामा शुरू कर दिया। भारतीय जनता पार्टी के सांसदों ने अपनी सीटों से उठकर 'राहुल गांधी माफी मांगो' के नारे लगाए। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कड़ी आपत्ति जताते हुए पूछा कि राहुल गांधी बताएं कि उन्होंने सदन में यह गंभीर बयान किस आधार पर दिया है? रिजिजू ने दो टूक कहा कि नेता प्रतिपक्ष को इसके लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए। इसी बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव कांग्रेस नेता के बचाव में उतर आए। यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश ने कहा कि यदि नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है, तो यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह स्पष्ट करे कि बच्चों पर अत्याचार करने का आदेश आखिर किसने दिया था? इस पर पलटवार करते हुए किरण रिजिजू ने अखिलेश यादव से कहा कि जांच की मांग करना अलग बात है, लेकिन राहुल गांधी ने जो कहा वह पूरी तरह गलत है और उन्हें माफी मांगनी ही होगी।