गाजीपुर बना माफिया मुक्त, विकास की नई रफ्तार: योगी आदित्यनाथ
India News Live,Digital Desk : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गाजीपुर दौरे के दौरान कहा कि अब गाजीपुर पूरी तरह माफिया मुक्त हो चुका है और विकास की नई राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कई अहम परियोजनाओं पर चर्चा की और विकास योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली।
सीएम योगी ने बताया कि गंगा एक्सप्रेस-वे को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जोड़ने की योजना जल्द ही धरातल पर उतारी जाएगी। इसके अलावा शहर से सटे अंधऊ-चौकिया बाईपास को मंज़ूरी दी जा चुकी है, जिससे गाजीपुर के ट्रैफिक सिस्टम में बड़ा सुधार आएगा। साथ ही कलेक्ट्रेट घाट से चीतनाथ घाट तक नया कॉरिडोर बनाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब गाजीपुर अपनी पहचान को लेकर संकट में था, लेकिन अब यह ज़िला विकास और सम्मान के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि करीब 1100 करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और कई प्रोजेक्ट्स निर्माणाधीन हैं।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज अब गाजीपुर की नई पहचान बन गए हैं। मेडिकल कॉलेज के साथ नर्सिंग कॉलेज का निर्माण भी तेज़ी से चल रहा है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर को शुद्ध पानी पहुंचाने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर योजना की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने बताया कि हालिया पुलिस भर्ती में प्रदेश भर के 60,244 युवाओं को मौका मिला है, जिनमें 1,534 युवा सिर्फ गाजीपुर से हैं। उन्होंने बताया कि अंधऊ-चौकिया बाईपास की मांग जनप्रतिनिधियों ने रखी थी, जिसे अब स्वीकृति मिल चुकी है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज का निरीक्षण भी किया और राजस्व संबंधित मामलों को प्राथमिकता पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही गाजीपुर आकर कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।