Amitabh Bachchan Dedication: 83 की उम्र में भी थमने का नाम नहीं ले रहे महानायक, 1 दिन में 12 फिल्में शूट कर बिग बी ने रचा इतिहास
बॉलीवुड के 'सदी के महानायक' अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) की उम्र 83 साल हो चुकी है, लेकिन काम को लेकर उनका जज्बा और डेडिकेशन आज भी 25 साल के किसी नौजवान को कड़ी टक्कर दे सकता है। जहां इस उम्र में लोग आराम करना पसंद करते हैं, वहीं बिग बी खुद को चौबीसों घंटे काम में बिजी रखते हैं। उनका यही अनुशासन आज की नई पीढ़ी के कलाकारों के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। अब अमिताभ बच्चन ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे सुनकर पूरी फिल्म इंडस्ट्री दांतों तले उंगलियां दबा रही है। बिग बी ने महज एक ही दिन के भीतर बैक-टू-बैक 12 शॉर्ट फिल्मों (Short Films) की शूटिंग पूरी करके एक नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है।
सुबह 3 बजे ब्लॉग लिखकर बिग बी ने खोला अपनी लगन का राज
महानायक सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपने फैंस (जिन्हें वे अपना 'विस्तारित परिवार' कहते हैं) के साथ जुड़े रहते हैं। हाल ही में उन्होंने देर रात, बल्कि सुबह के करीब 3 बजे अपना नया ब्लॉग पोस्ट किया।
इस ब्लॉग में उन्होंने अपने काम के प्रति दीवानगी को बयां करते हुए लिखा, "काम तो काम है...काम तो काम है। 12 शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग आज खत्म कर चुका हूं और अभी 2 और शूट करना बाकी है। अब मैं आप लोगों (फैंस) के लिए लिख रहा हूं। काम वाले दिन से पहले कई दिनों की कड़ी तैयारी के बाद भी, पूरी लगन से पढ़ाई करना और आरामदायक माहौल के बावजूद अपने इरादों और रुख से समझौता न करना ही मेरी ताकत है!!!! बस अब बहुत हुआ... अब मैं सोने जा रहा हूं।" बिग बी ने आगे लिखा कि फैंस के साथ उनका यह कनेक्शन कभी टूटना नहीं चाहिए, बाकी सब तो दुनिया में चलता रहेगा।
महानायक के जज्बे पर फैंस ने लुटाया प्यार, बोले– 'KBC का इंतजार है'
सुबह-सुबह जैसे ही बिग बी का यह ब्लॉग इंटरनेट पर सामने आया, फैंस ने उनके कमेंट सेक्शन को तारीफों से भर दिया। एक यूजर ने लिखा, "अमित जी, आप हम सभी के लिए एक जीती-जागती इंस्पिरेशन हैं। आज के एक्टर्स के सामने आपका औरा हमेशा सर्वोपरि रहेगा।"
वहीं एक अन्य फैन ने उनकी सेहत की चिंता करते हुए लिखा, "आप इतना काम करते हैं, जिससे साफ पता चलता है कि आपको काम करने से ही सबसे ज्यादा खुशी मिलती है। लेकिन सर, इस उम्र में आपको थोड़ा रेस्ट भी करना चाहिए। हमें आपके टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (Kaun Banega Crorepati) के अपकमिंग सीजन का बेसब्री से इंतजार है, अपना ख्याल रखें।"
रजनीकांत के साथ 'वेट्टैयन' में आए नजर, अब 'कल्कि 2' की तैयारी
अगर बात करें अमिताभ बच्चन के हालिया फिल्मी सफर की, तो वह आखिरी बार तमिल सिनेमा के थलाइवा रजनीकांत के साथ ब्लॉकबस्टर फिल्म 'वेट्टैयन' (Vettaiyan) में एक बेहद दमदार किरदार में नजर आए थे। बड़े पर्दे पर सालों बाद इन दो महाशायकों को एक साथ देखना दर्शकों के लिए एक अद्भुत अनुभव था।
अब अमिताभ बच्चन जल्द ही निर्देशक नाग अश्विन की महात्वाकांक्षी फिल्म 'कल्कि 2898 एडी 2' (Kalki 2898 AD 2) की शूटिंग शुरू करने वाले हैं। इस साइंस-फिक्शन माइथोलॉजी फिल्म में उनके साथ साउथ सुपरस्टार प्रभास और दिग्गज अभिनेता कमल हासन भी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह फिल्म साल 2024 में आई सुपरहिट फिल्म 'कल्कि' का ऑफिशियल सीक्वल है।
बॉक्स ऑफिस पर 'कल्कि' का 1000 करोड़ी धमाका
फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' के पहले पार्ट ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करके इतिहास रचा था। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन ने महाभारत काल के अमर पात्र 'अश्वत्थामा' का किरदार निभाया था। फिल्म में प्रभास से ज्यादा तारीफें बिग बी के एक्शन सीन्स और उनकी कड़क परफॉर्मेंस को मिली थीं। हालांकि, पहले पार्ट में अहम भूमिका निभाने वाली दीपिका पादुकोण इस सीक्वल (दूसरे पार्ट) की कहानी का हिस्सा नहीं होंगी, जिससे अब पूरा फोकस अश्वत्थामा और भैरवा के टकराव पर केंद्रित होने वाला है।