BREAKING:
October 05 2026 04:36 pm

थलपति विजय के बेटे जेसन संजय की 'सिग्मा' का तीसरे दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

Post

तमिल सिनेमा के महानायक थलपति विजय के बेटे जेसन संजय के निर्देशन में बनी पहली फिल्म 'सिग्मा' (Sigma) सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। संदीप किशन और फारिया अब्दुल्ला स्टारर इस एक्शन-क्राइम थ्रिलर फिल्म को लेकर दर्शकों और ट्रेड एनालिस्ट्स के बीच काफी उत्सुकता थी। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की रफ्तार काफी सुस्त नजर आ रही है। रिलीज के तीसरे दिन यानी पहले रविवार को फिल्म की कमाई में कोई बड़ा उछाल देखने को नहीं मिला और यह शनिवार के स्तर पर ही टिकी रही।

तीसरे दिन (रविवार) 'सिग्मा' ने की महज 1.50 करोड़ की कमाई

ट्रेड ट्रैकर सैकनिल्क (Sacnilk) की रिपोर्ट के अनुसार, 'सिग्मा' ने अपने तीसरे दिन (रविवार, 4 अक्टूबर) भारतीय बॉक्स ऑफिस पर केवल ₹1.50 करोड़ (नेट) का कलेक्शन किया है। रविवार की छुट्टी होने के बावजूद दर्शकों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं देखी गई और फिल्म शनिवार की कमाई के बराबर ही सिमट कर रह गई।

फिल्म का तीन दिनों का डे-वाइज कलेक्शन कुछ इस प्रकार रहा:

पहला दिन (शुक्रवार): ₹2.35 करोड़ (नेट)

दूसरा दिन (शनिवार): ₹1.50 करोड़ (नेट)

तीसरा दिन (रविवार): ₹1.50 करोड़ (नेट)

पहले वीकेंड का कुल भारत नेट कलेक्शन: ₹5.35 करोड़

कुल भारत ग्रॉस कलेक्शन: ₹6.10 करोड़

तमिल और तेलुगु भाषा में रहा ऐसा हाल

रविवार को फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी लगभग 23.6% दर्ज की गई। भाषावार कलेक्शन की बात करें तो तमिल संस्करण ने तीसरे दिन लगभग ₹95 लाख जुटाए, जबकि तेलुगु डब वर्जन से करीब ₹55 लाख की कमाई हुई। राज्य स्तर पर तमिलनाडु से फिल्म को लगभग ₹95 लाख का ग्रॉस कलेक्शन मिला, वहीं आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से ₹60 लाख का कारोबार हुआ।

मिक्स्ड रिव्यू और बड़े क्लैश का दिखा असर

लायका प्रोडक्शंस (Lyca Productions) जैसे बड़े बैनर तले बनी इस फिल्म से बतौर डायरेक्टर जेसन संजय का डेब्यू काफी चर्चा में था। फिल्म की कहानी एक लाइब्रेरियन और उसके कर्ज में डूबकर अपराध की दुनिया में उलझने के इर्द-गिर्द घूमती है। हालांकि, कमजोर स्क्रीनप्ले और क्रिटिक्स की ओर से मिले ठंडे रिस्पॉन्स की वजह से फिल्म दर्शकों को थिएटर्स तक खींचने में संघर्ष कर रही है। अब वीकडेज (सोमवार से गुरुवार) में फिल्म के लिए टिके रहना काफी चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।