BREAKING:
June 29 2026 05:34 am

कानपुर में हाईवे पर केमिकल लीक से मचा हड़कंप, टैंकर चालक फरार जाम और अफरातफरी के बीच पुलिस ने संभाला मोर्चा

Post

India News Live,Digital Desk : कानपुर के बिधनू क्षेत्र के कठेरुआ गांव में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। काठारा मोड़ के पास केमिकल से भरा एक टैंकर डीजल खत्म होने के कारण बीच हाईवे पर खड़ा हो गया। चालक ने टैंकर को किनारे करने के लिए एक डंपर से धक्का दिलवाया, लेकिन इसी दौरान टैंकर का वाल्व लीक हो गया। लीक होते ही केमिकल पूरे हाईवे पर फैल गया और पैदल व बाइक सवार लोगों में अफरातफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया।

तेजाब जैसे असर वाले इस केमिकल से त्वचा झुलसने का खतरा था, हालांकि यह ज्वलनशील नहीं था। हाईवे पर टैंकर खड़े होने से दोनों तरफ भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, वाल्व का रिसाव बंद कराया और टैंकर को किनारे लगवाकर हाईवे पर फैले केमिकल की सफाई कराई।

ग्रामीणों के अनुसार, टैंकर नौबस्ता से घाटमपुर की ओर जा रहा था। डीजल खत्म होने के बाद धक्का देते समय वाल्व लीक हुआ और केमिकल बहने लगा। थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि टैंकर को सुरक्षित किनारे कर यातायात बहाल कर दिया गया है और टैंकर मालिक को भी सूचना दे दी गई है।