रैली में ट्रंप फिर भटके मुद्दे से, प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट की सुंदरता पर टिप्पणी कर सुर्खियों में आए

Post

India News Live,Digital Desk : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप एक बार फिर अपनी टिप्पणी को लेकर चर्चा में हैं। पेंसिल्वेनिया में आयोजित एक रैली के दौरान वह अपने आर्थिक एजेंडे पर बोल रहे थे, लेकिन बीच भाषण में वह अपनी व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट की सुंदरता की तारीफ करने लगे।

79 वर्षीय ट्रंप ने 28 साल की कैरोलिन का ज़िक्र करते हुए दर्शकों से कहा कि वे कितनी शानदार हैं। उन्होंने कहा, “आज हमारे साथ सुपरस्टार कैरोलिन भी हैं। क्या वह कमाल नहीं हैं?” इसके बाद ट्रंप ने उनकी खूबसूरती, चेहरे और होठों की भी तारीफ कर दी।

ट्रंप ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा कि जब कैरोलिन टीवी पर जाती हैं, खासकर फॉक्स न्यूज़ पर, तो वह अपने आत्मविश्वास और ‘खूबसूरत चेहरे’ के कारण पूरी तरह छा जाती हैं। उन्होंने कहा कि उनके बोलने का अंदाज़ मानो “मशीन गन की तरह” है।

ट्रंप यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा कि कैरोलिन बेखौफ होकर बोलती हैं क्योंकि उनकी नीतियाँ सही दिशा में हैं। साथ ही उन्होंने दोहराया कि महिलाओं के खेलों में पुरुषों की भागीदारी नहीं होनी चाहिए और देश की सीमाएँ भी सुरक्षित रहनी चाहिए।

यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से कैरोलिन की शारीरिक बनावट पर टिप्पणी की हो। इससे पहले एक इंटरव्यू में भी वह उनके चेहरे, दिमाग और बोलने के स्टाइल की तारीफ कर चुके हैं। ट्रंप का कहना है कि उनसे बेहतर प्रेस सेक्रेटरी किसी के पास नहीं हो सकती।