June 18 2026 10:06 am

Netanyahu's statement : भारत के साथ संबंध मजबूत करना हमारी प्राथमिकता, जल्द पीएम मोदी से मुलाकात

Post

India News Live,Digital Desk : इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनके देश के खिलाफ यहूदी-विरोधी लहर के बावजूद उन्हें कई देशों और नेताओं का अभूतपूर्व समर्थन मिला है, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हैं।

नेतन्याहू ने नेसेट (इज़राइली संसद) में अपने संबोधन में बताया कि विदेशी संबंधों और गाजा युद्ध के दौरान अपने नेतृत्व की उन्होंने रक्षा की है। उन्होंने कहा, "हम भारत के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करना चाहते हैं। हमने पीएम मोदी से जल्द ही मिलने का कार्यक्रम तय किया है।"

उन्होंने जोर देकर कहा कि इज़राइल आज पहले से कहीं अधिक मजबूत है। नेतन्याहू ने कहा, “यह पश्चिम एशिया की सबसे मजबूत शक्ति है और कुछ क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर भी प्रभावशाली है। यह हमारे ‘पुनरुत्थान के युद्ध’ का नेतृत्व करने के परिणामस्वरूप संभव हुआ है।”

विपक्ष की आलोचनाओं का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हमास के साथ दो साल तक युद्ध के बावजूद इज़राइल कूटनीतिक, सैन्य और आर्थिक रूप से प्रभावशाली बना हुआ है।

उल्लेखनीय है कि इज़राइली सरकार ने 7 अक्टूबर 2023 से शुरू हुए हमास हमलों के बाद युद्ध को ‘पुनरुत्थान का युद्ध’ नाम दिया। हालांकि, इस निर्णय का देश में विरोध भी देखने को मिला। नेतन्याहू ने वैश्विक नेताओं के साथ संबंधों पर भी प्रकाश डाला और कहा कि भारत जैसी डेढ़ अरब की आबादी वाला विशाल देश भी इज़राइल के साथ मजबूत रिश्ते चाहता है।