BREAKING:
September 16 2026 08:27 pm

Asia Cup controversy : पहलगाम घटना के बाद क्यों है मैच पर भारी विरोध

Post

India News Live,Digital Desk : आज एशिया कप के तहत दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खेला जाना है। लेकिन इस मैच को लेकर पूरे देश में गुस्सा और विरोध देखने को मिल रहा है। विपक्षी दल लगातार इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेर रहे हैं। ऐसे में शिवसेना (उद्धव गुट) के प्रवक्ता संजय राउत ने इस मैच को लेकर पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीसीसीआई और खिलाड़ियों पर निशाना साधा है।

राउत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच के चलते देश की जनता में भारी नाराज़गी है। उनका मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मणिपुर जाकर लोगों का ध्यान इस विवादित मैच से हटाने की कोशिश कर रहे हैं।

पहलगाम में मारे गए शुभम द्विवेदी की पत्नी का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान का यह मैच उनके लिए और उनके परिवार के लिए खुशी का विषय नहीं है। "पहलगाम में हमारे देश की महिलाओं का सम्मान मिटा दिया गया। इसके बावजूद हमारी टीम पाकिस्तान के साथ मैदान में उतर रही है," उन्होंने कहा।

संजय राउत ने कहा कि कई दिग्गज खिलाड़ियों ने भी इस मैच को लेकर अपनी नाराज़गी जताई है। उनका सवाल है कि "जब देश में इतनी नाराज़गी है, तब यह मैच खेलने की क्या जरूरत है?" राउत ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी मणिपुर जाकर इस मुद्दे पर लोगों का ध्यान हटा रहे हैं।

राउत ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनका राष्ट्रवाद और हिंदुत्ववाद केवल दिखावा है। उन्होंने याद दिलाया कि पहलगाम में पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने हिंदुओं और भारतीयों की बेरहमी से हत्या की थी, और अब वही देश के खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाफ खेल रहे हैं।

भारतीय खिलाड़ियों पर भी उन्होंने तंज कसा, "अगर आप एक भी मैच नहीं खेलेंगे तो दुनिया का कोई अंत नहीं हो जाएगा। आईसीसी अध्यक्ष जय शाह आपको फांसी पर नहीं लटकाएंगे और उनके पिता अमित शाह आपके खिलाफ ईडी का मामला दर्ज नहीं कराएंगे।"

राउत ने आगे कहा, “अमित शाह हमें हिंदुत्व और राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाते हैं, लेकिन अपने बेटे को यह क्यों नहीं पढ़ाते? बार-बार कहा जाता है कि अगर बालासाहेब होते तो यह सब नहीं होता। आज मैं कहता हूँ कि अगर बालासाहेब होते तो यह मैच नहीं खेला जाता। अगर खेला भी जाता तो मैच के बाद आपको मुंबई में घुसने नहीं दिया जाता।”