14 साल बाद अक्षय-प्रियदर्शन की वापसी, 'धुरंधर' की सफलता और 8 घंटे की शिफ्ट पर बेबाक राय

Post

India News Live,Digital Desk : बॉलीवुड की सबसे आईकॉनिक जोड़ियों में से एक, अक्षय कुमार और प्रियदर्शन, लगभग 14 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद फिल्म 'भूत बंगला' (Bhooth Bangla) के साथ बड़े पर्दे पर तहलका मचाने को तैयार हैं। फिल्म की रिलीज से पहले अक्षय और प्रियदर्शन ने स्मिता श्रीवास्तव से खास बातचीत की, जिसमें उन्होंने अपने निजी जीवन के डरावने किस्सों से लेकर फिल्म इंडस्ट्री के बदलते नियमों पर खुलकर अपनी बात रखी।

जब अक्षय के बेटे ने देखा 'भूत': रोंगटे खड़े कर देने वाला किस्सा

अक्षय कुमार ने अपनी निजी जिंदगी का एक बेहद चौंकाने वाला वाकया साझा किया। अक्षय ने बताया, "जब हम लोखंडवाला में रहते थे, तब मेरी पत्नी ट्विंकल को अक्सर घर में कुछ अजीब महसूस होता था। एक रात करीब 12 बजे मेरा बेटा (जो तब 6-7 साल का था) अचानक हवा में किसी अनजान शख्स से बात करने लगा। वह कह रहा था- 'सुनो, यहाँ जगह नहीं है, आप नीचे जाओ।' हमें वहां कोई दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन वह बिल्कुल सामान्य होकर बात कर रहा था। बाद में उसने बताया कि यहाँ एक महिला आती रहती है। प्रियदर्शन सर भले ही भूतों में विश्वास न करें, लेकिन उस अनुभव ने हमें हिला दिया था।"

'धुरंधर' की सफलता और 8 घंटे की शिफ्ट का नया ट्रेंड

बातचीत के दौरान प्रियदर्शन ने फिल्म 'धुरंधर' के निर्देशक आदित्य धर की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "आदित्य की सफलता देख कर वैसी ही खुशी होती है जैसे अपनी बेटी की कामयाबी पर। 'धुरंधर' ने इंडस्ट्री के इस भ्रम को तोड़ दिया कि फिल्म छोटी होनी चाहिए। इसके दोनों पार्ट्स 7 घंटे से ज्यादा के हैं, फिर भी लोग इसे चाव से देख रहे हैं।"

वहीं, फिल्म इंडस्ट्री में 8 घंटे की शिफ्ट के मुद्दे पर दोनों दिग्गजों ने दिलचस्प राय दी:

अक्षय कुमार: "मैं तो पिछले 20 सालों से 8 घंटे की शिफ्ट ही कर रहा हूं। बस शर्त यह है कि उन 8 घंटों में आपको सेट पर काम करना है, न कि वैनिटी वैन में बैठे रहना है।"

प्रियदर्शन: "मैंने अपनी जिंदगी में पहली बार 8 घंटे की शिफ्ट में काम किया और पाया कि कलाकार इसमें ज्यादा फ्रेश और एनर्जेटिक महसूस करते हैं।"

कॉमेडी एक्टर्स और अवॉर्ड्स: "कलाकार को मसखरा न समझें"

अक्षय और प्रियदर्शन ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि अक्सर कॉमेडी करने वाले कलाकारों को अवॉर्ड्स की दौड़ में गंभीरता से नहीं लिया जाता।

प्रियदर्शन: "कॉमेडियन जैसी कोई चीज नहीं होती, वह सिर्फ एक बेहतरीन कलाकार होता है। किसी को हंसाना दुनिया का सबसे कठिन काम है। अक्षय और मोहनलाल जैसे कलाकार वास्तव में लोगों को हंसाने का दम रखते हैं।"

अक्षय कुमार: "चार्ली चैपलिन ने बिना संवाद के पूरी उम्र दुनिया को हंसाया। हमें अवॉर्ड के लिए कोई हड़ताल नहीं करनी है। जिसे देना है दे, जिसे नहीं देना वो न दे। हम बस अपना पक्ष रख रहे हैं।"

सैफ अली खान के साथ काम करने का अनुभव

प्रियदर्शन ने अपनी आगामी फिल्म और सैफ अली खान के बारे में बात करते हुए कहा कि सैफ एक "मैच्योर कलाकार" की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी माना कि इंडस्ट्री में हमेशा नई समस्याएं आती रहती हैं, लेकिन वे शांति से अपना काम पूरा करने में विश्वास रखते हैं।