28 साल बाद पूरा होगा फैंस का सपना, पहली बार साथ नजर आएंगे रानी मुखर्जी और अक्षय कुमार
India News Live,Digital Desk : 90 के दशक में हिंदी सिनेमा पर राज करने वाले रानी मुखर्जी और अक्षय कुमार ने अपने-अपने करियर में अनगिनत हिट फिल्में दीं, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि दोनों कभी भी एक साथ बड़े पर्दे पर नजर नहीं आए। अब इतने सालों बाद फैंस की यह ख्वाहिश आखिरकार पूरी होने जा रही है।
करीब 28 साल के करियर में पहली बार रानी मुखर्जी, अक्षय कुमार के साथ किसी फिल्म में काम करने जा रही हैं। खास बात यह है कि यह किसी नई फिल्म का हिस्सा नहीं, बल्कि अक्षय कुमार की सबसे लोकप्रिय फ्रेंचाइजी में रानी की एंट्री होने वाली है।
OMG फ्रेंचाइजी में रानी मुखर्जी की एंट्री
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रानी मुखर्जी को ‘ओह माय गॉड’ (OMG) के तीसरे पार्ट के लिए कास्ट किया गया है। बताया जा रहा है कि यह हाल के वर्षों की सबसे बड़ी कास्टिंग में से एक मानी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, OMG अक्षय कुमार की सबसे पसंदीदा और सफल फ्रेंचाइजी में से एक रही है। ऐसे में रानी मुखर्जी का OMG 3 का हिस्सा बनना फिल्म को एक नई ऊंचाई पर ले जा सकता है। उनकी मौजूदगी कहानी को एक अलग गहराई और फ्रेश अप्रोच देने वाली है।
कब शुरू होगी OMG 3 की शूटिंग?
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि OMG 3 का प्री-प्रोडक्शन शुरू हो चुका है और फिल्म 2026 के मिड तक फ्लोर पर आ सकती है। इस बार भी फिल्म के निर्देशन की कमान अमित राय के हाथों में होगी।
अक्षय कुमार पहले ही साफ कर चुके हैं कि OMG 3 में कहानी, इमोशन और परफॉर्मेंस – हर लेवल पर स्केल बड़ा होगा। ऐसे में रानी मुखर्जी का इस प्रोजेक्ट से जुड़ना फ्रेंचाइजी के लिए एक बड़ा गेम-चेंजर साबित हो सकता है।
अब तक कैसी रही OMG की कहानी
OMG के पहले पार्ट में भगवान और इंसान के रिश्ते को कोर्टरूम ड्रामा के जरिए दिखाया गया था, जहां कांजी लाल अपनी दुकान टूटने के बाद न्याय की लड़ाई लड़ता है। वहीं दूसरे पार्ट में कहानी महाकाल के भक्त कांति शरण मुद्गल और उनके बेटे के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सामाजिक दबाव और सवालों को सामने लाती है।
अब तीसरे पार्ट में कहानी किस दिशा में जाएगी और रानी मुखर्जी किस किरदार में नजर आएंगी, यह जानना दर्शकों के लिए बेहद दिलचस्प होगा।