Ind vs Afg Test 2026: कप्तान शुभमन गिल ने रचा इतिहास, दिग्गज कपिल देव की बराबरी कर इस खास क्लब में हुए शामिल

Post

नई दिल्ली। न्यू चंडीगढ़ के मुल्लनपुर मैदान पर अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने ऐतिहासिक और रिकॉर्डतोड़ जीत दर्ज की है। युवा कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को एक पारी और 300 रनों के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी।

यह जीत रनों और पारी के लिहाज से भारतीय टेस्ट क्रिकेट इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी जीत बन गई है। इससे पहले भारत ने साल 2018 में वेस्टइंडीज को एक पारी और 271 रनों से हराया था। इस धमाकेदार जीत के साथ ही कप्तान शुभमन गिल ने भारतीय क्रिकेट के इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया है और उन्होंने पूर्व महान कप्तान कपिल देव के एक बेहद खास और दमदार रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

शुभमन गिल ने की कपिल देव, द्रविड़ और उमरीगर की बराबरी

बतौर कप्तान एक पारी के अंतर से सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने वाले भारतीय कप्तानों की फेहरिस्त में शुभमन गिल अब संयुक्त रूप से छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। शुभमन के नेतृत्व में भारत की यह पारी के अंतर से दूसरी बड़ी जीत है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व दिग्गज कप्तान कपिल देव, राहुल द्रविड़ और पॉली उमरीगर की बराबरी कर ली है, जिनकी कप्तानी में भी भारत ने 2-2 बार पारी के अंतर से टेस्ट मैच जीते थे।

मई 2025 में भारतीय टेस्ट टीम की कमान संभालने वाले शुभमन गिल को बतौर कप्तान पारी के अंतर से पहली जीत अक्टूबर 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली थी। उस मुकाबले में भारत ने 5 विकेट पर 448 रन बनाने के बाद वेस्टइंडीज को 162 और 146 रनों पर समेटते हुए एक पारी और 140 रनों से मैच जीता था।

किंग कोहली के नाम है वर्ल्ड रिकॉर्ड, धोनी दूसरे नंबर पर

यदि बात करें बतौर भारतीय कप्तान एक पारी के अंतर से सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने की, तो इस लिस्ट में रन-मशीन विराट कोहली शीर्ष पर काबिज हैं। विराट की आक्रामक कप्तानी में भारत ने रिकॉर्ड 12 बार विरोधी टीमों को एक पारी के अंतर से धूल चटाई है। इस सूची में 'कैप्टन कूल' एमएस धोनी 9 जीतों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

एक पारी से सबसे ज्यादा टेस्ट जीतने वाले भारतीय कप्तान (आंकड़े)

स्थानभारतीय कप्तानपारी से मिलीं कुल जीतें
1.विराट कोहली12
2.एमएस धोनी09
3.मोहम्मद अजहरुद्दीन08
4.सौरव गांगुली07
5.रोहित शर्मा04
6.शुभमन गिल02
7.राहुल द्रविड़02
8.कपिल देव02
9.पॉली उमरीगर02

बल्लेबाजों के धमाल के बाद डेब्यूटेंट मानव सुथार ने बरपाया कहर

इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारत की जीत की नींव बल्लेबाजों ने रखी थी। कप्तान शुभमन गिल (126 रन) और केएल राहुल (100 रन) के शानदार शतकों के अलावा ऋषभ पंत (81 रन) और वाशिंगटन सुंदर (51 रन) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से भारत ने 564 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर बनाया था।

इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने अपना जलवा दिखाया। अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे 23 वर्षीय युवा स्पिनर मानव सुथार ने ड्रीम डेब्यू करते हुए अफगानिस्तान की पहली पारी में 6 विकेट और दूसरी पारी में 1 विकेट (कुल 7 विकेट) चटकाए। उन्हें इस शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। सुथार ने यह साबित कर दिया कि वे टर्निंग ट्रैक ही नहीं बल्कि मुल्लनपुर की सपाट पिच पर भी विकेट निकालने का माद्दा रखते हैं। दूसरी पारी में स्पिनर वाशिंगटन सुंदर ने 4 और कुलदीप यादव ने 3 विकेट लेकर अफगानिस्तान की कमर तोड़ दी।