BREAKING:
July 30 2026 05:49 am

2026 Horoscope : नए साल में सभी 12 राशियों के लिए सुख, समृद्धि और तरक्की के संकेत

Post

India News Live,Digital Desk : नववर्ष 2026 ग्रहों और नक्षत्रों की चाल के अनुसार कई राशियों के लिए सफलता, तरक्की और खुशहाली लेकर आने वाला है। साल की शुरुआत में गजकेसरी योग, लक्ष्मी नारायण योग और पंचग्रही योग बन रहे हैं, जो समृद्धि और सफलता के संकेत देते हैं।

अंक ज्योतिष के अनुसार 2026 का योगफल 10 (2+0+2+6) बनता है, जिसका मूलांक 1 है। इसका स्वामी सूर्य है, जो आत्मबल, नेतृत्व, सम्मान और अधिकार का प्रतीक है। यही कारण है कि 2026 में कई राशियों के लिए भाग्य के नए द्वार खुल सकते हैं।

मेष राशि

2026 में मेष राशि के जातकों के लिए नए अवसर और बदलाव देखने को मिलेंगे। करियर और निजी जीवन में तरक्की के मौके बनेंगे। ग्रहों की स्थिति आपके आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करेगी, जिससे महत्वपूर्ण निर्णय आसानी से लिए जा सकेंगे।

वृषभ राशि

वृषभ राशि के लिए यह साल आत्मबल, स्पष्ट सोच और स्थिरता लेकर आएगा। योजनाओं को केवल बनाना ही नहीं, बल्कि उन्हें साकार करना भी संभव होगा। आप अपने भरोसेमंद और सशक्त रूप में नजर आएंगे।

मिथुन राशि

मिथुन राशि के जातकों के लिए 2026 परिवर्तन और नए अवसर लेकर आएगा। जीवन में सकारात्मक बदलाव होंगे, हालांकि कुछ चुनौतियाँ भी सामने आ सकती हैं। ग्रहों का सहयोग संतुलित निर्णय लेने में मदद करेगा।

कर्क राशि

कर्क राशि वालों के लिए यह साल भाग्य का साथ देगा। गुरु का शुभ गोचर करियर में उन्नति, व्यापार में लाभ और वैवाहिक जीवन में स्थिरता लाएगा। लंबे समय से अटके काम पूरे होंगे। स्वास्थ्य का ध्यान विशेष रूप से कंधा, पीठ और हाथों से जुड़ी समस्याओं पर रखना होगा।

सिंह राशि

सिंह राशि के लिए यह वर्ष सूर्य का प्रभावी वर्ष माना जा रहा है। करियर में प्रगति, मान-सम्मान और आर्थिक लाभ के योग हैं। शनि के प्रभाव से कुछ उतार-चढ़ाव हो सकते हैं, लेकिन मेहनत के दम पर परिस्थितियाँ आपके पक्ष में होंगी।

कन्या राशि

कन्या राशि के लिए यह साल करियर, शिक्षा और धन में उन्नति का संकेत देता है। सूर्य और गुरु का प्रभाव प्रमोशन, नई नौकरी या प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिला सकता है। जून के बाद व्यापार में नए समझौते और मुनाफे के योग हैं। पारिवारिक जीवन में संतुलन बनाए रखना आवश्यक रहेगा।

तुला राशि

तुला राशि के जातकों के लिए यह साल करियर और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेगा। जून से अक्टूबर तक गुरु का प्रभाव रुके कार्यों को गति देगा। शिक्षा, तकनीक और रचनात्मक क्षेत्रों में सफलता संभव है। वैवाहिक जीवन में तालमेल बनाए रखना ज़रूरी होगा।

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि के लिए यह साल धन, करियर और शिक्षा में प्रगति लाएगा। राहु और गुरु के प्रभाव से अचानक धन लाभ और संपत्ति से फायदा हो सकता है। नौकरी में पदोन्नति और नई जिम्मेदारियाँ मिलेंगी। पारिवारिक और दांपत्य जीवन में सुधार देखने को मिलेगा।

धनु राशि

धनु राशि वालों के लिए साल शुरुआत में कुछ पढ़ाई और करियर में अड़चनें ला सकता है, लेकिन धीरे-धीरे परिस्थितियाँ सुधरेंगी। प्रतियोगी परीक्षाओं और नौकरी में सफलता के योग हैं।

मकर राशि

मकर राशि के लिए यह साल संघर्ष और प्रगति दोनों लेकर आएगा। आर्थिक मामलों में अचानक लाभ संभव है, लेकिन गलत संगति से बचना ज़रूरी है। जून के बाद करियर में अच्छे अवसर और प्रमोशन मिल सकते हैं। स्वास्थ्य और जीवनशैली पर ध्यान दें।

कुंभ राशि

कुंभ राशि के जातकों के लिए 2026 व्यापार और धन के मामले में बदलाव लेकर आएगा। रुके प्रोजेक्ट पूरे होंगे और नए कॉन्ट्रैक्ट मिल सकते हैं। तकनीकी और ऑनलाइन क्षेत्रों से जुड़े लोग विशेष लाभ प्राप्त करेंगे। वैवाहिक जीवन में साल की शुरुआत में तनाव रह सकता है, लेकिन अंत तक सुधार होगा।

मीन राशि

मीन राशि के लिए यह साल आर्थिक, करियर और शिक्षा के लिहाज से शुभ रहेगा। आय के नए स्रोत बनेंगे और पुराने निवेश से लाभ होगा। जून के बाद प्रमोशन और वेतन वृद्धि के योग हैं। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा, लेकिन मानसिक तनाव से बचें।