जीएसटी सुधारों से यूपी की अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार : योगी आदित्यनाथ
India News Live,Digital Desk : उत्तर प्रदेश को आने वाले दिनों में जीएसटी सुधारों का सबसे अधिक लाभ मिलने वाला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकार वार्ता में कहा कि चूंकि यूपी उपभोक्ता राज्य है और जीएसटी उपभोक्ता आधारित कर है, इसलिए यहां इसका सीधा फायदा देखने को मिलेगा। उन्होंने अनुमान जताया कि इन सुधारों से प्रदेश की जीडीपी में लगभग 0.3 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 22 सितंबर से शुरू हो रहा "नेक्स्ट जेन जीएसटी" देशवासियों के लिए दीपावली से पहले का बड़ा उपहार है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इन सुधारों के लिए धन्यवाद भी दिया।
अब जीएसटी में मुख्य रूप से केवल दो दरें रह गई हैं—5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत। वहीं, लग्जरी सामानों के लिए 40 प्रतिशत का अलग स्लैब रखा गया है। इसका मतलब है कि आम जनता के लिए रोजमर्रा की चीजें और सस्ती होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे किसान हों, गृहिणियां हों या फिर उद्यमी—हर किसी को इन सुधारों से राहत मिलेगी। खेती की लागत घटेगी, स्वास्थ्य सेवाएं सस्ती होंगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। दरों में कमी से लोगों की जेब में ज्यादा पैसा बचेगा और इससे बाजार में खरीददारी भी बढ़ेगी। इसी कारण देश की जीडीपी में करीब दो लाख करोड़ रुपये का इजाफा होने का अनुमान है।
योगी ने बताया कि यूपी में पिपरमिंट की खेती बड़े पैमाने पर होती है। पहले ऑर्गेनिक पिपरमिंट को सिंथेटिक पिपरमिंट से कड़ी प्रतिस्पर्धा मिलती थी। लेकिन नई जीएसटी दरों में ऑर्गेनिक पिपरमिंट पर 5% और सिंथेटिक पर 18% टैक्स लगाया गया है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
इसी तरह आगरा और कानपुर के चमड़ा उद्योग को भी फायदा होगा। 2500 रुपये तक के जूतों पर अब केवल 5% टैक्स लगेगा। यही नहीं, 2500 रुपये तक के रेडीमेड कपड़े और हस्तशिल्प उत्पाद भी सस्ते होंगे। इसका लाभ न सिर्फ व्यापारियों को बल्कि उपभोक्ताओं और कारीगरों को भी मिलेगा।