BREAKING:
July 21 2026 04:25 pm

पनकी में मालगाड़ी का वैगन पटरी से उतरा, रेल संचालन सामान्य—प्रशासन सतर्क

Post

India News Live,Digital Desk : पनकी के पास पांडु नदी पुल के करीब बुधवार सुबह एक मालगाड़ी का वैगन पटरी से उतर गया। यह मालगाड़ी पनकी धाम रेलवे स्टेशन से भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, सचेंडी में आयल लोडिंग के लिए जा रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया और रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, मालगाड़ी के पिछले हिस्से के एक वैगन के पाँच पहिए पटरी से उतर गए थे। सौभाग्य से, पास में दूसरी लाइन होने की वजह से किसी भी रूट पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई। अधिकारी जल्द से जल्द वैगन को वापस पटरी पर लाने का काम कर रहे हैं।

रेलवे के डिप्टी सीटीएम आशुतोष सिंह ने बताया कि घटना नियंत्रण में है और लगभग आधे घंटे के भीतर वैगन को फिर से ट्रैक पर चढ़ा दिया जाएगा। पूरी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा को लेकर सभी एहतियाती कदम उठाए गए हैं।