विदेश में नौकरी का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, लखनऊ में ट्रैवल एजेंसी फरार
- by Priyanka Tiwari
- 2025-11-26 16:11:00
India News Live,Digital Desk : लखनऊ में विदेश भेजने के नाम पर बड़े पैमाने पर युवाओं के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। विभूतिखंड स्थित चिनार ट्रैवेल एंड ट्रेड लिंक, मैनपावर सर्विस पर 33 युवकों ने 66 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि इस एजेंसी ने सिर्फ इन्हीं नहीं बल्कि सैकड़ों बेरोजगार युवाओं से करोड़ों रुपये वसूल लिए हैं। शिकायत के बाद डीसीपी पूर्वी के आदेश पर विभूतिखंड थाने में FIR दर्ज कराई गई है।
एजेंसी का कार्यालय बेहननपुरवा में है, जहां से विदेशों में नौकरी दिलाने का दावा किया जाता था। आस मुहम्मद समेत कई युवकों ने बताया कि उन्हें रूस, सिंगापुर जैसे देशों में जॉब का प्रलोभन दिया गया। एजेंसी ने सभी से पासपोर्ट और जरूरी कागज़ात लेकर दो-दो लाख रुपये जमा कराए। पैसे ऑनलाइन और नकद दोनों माध्यमों से लिये गए।
पीड़ितों ने बताया कि एजेंसी ने उन्हें मुंबई, दिल्ली और चेन्नई एयरपोर्ट भी भेजा, लेकिन वहां पहुंचने पर पता चला कि दिए गए टिकट पहले ही कैंसिल कराए जा चुके थे। इसके अलावा पासपोर्ट एयरपोर्ट पर देने का भरोसा दिया गया था, पर एजेंसी का कोई अधिकारी वहां नहीं पहुंचा।
जब सभी वापस लखनऊ लौटे तो देखा कि एजेंसी का दफ्तर पिछले 15 दिनों से बंद पड़ा है। एजेंसी के मालिक और कर्मचारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन सभी के मोबाइल फोन बंद मिले।
इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को तलाशने की कोशिश की जा रही है।
जिन युवकों से ठगी की गई उनमें शामिल हैं:
आविद अली, नागेंद्र कुमार, रामवचन, हरिंदर, समरजीत, सद्दाम, उमर, शाह आलम, अंगद, अरमान, सूरज सिंह, अशोक, संतोष, हकीमुल्लाह, फिजान, शमसाद, जुवेद, सोनू कुमार, राजकुमार, विकास, शिवांक, सोनू अंसारी, सिकंदर, निरज, मोतिउल्लाह और अन्य युवक। इन सभी से बराबर रकम ली गई थी और फर्जी टिकट थमा दिए गए थे।