Vasant Kunj Ashram incident : 17 छात्राओं ने लगाया छेड़छाड़ का गंभीर आरोप

Post

India News Live,Digital Desk : दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में स्थित एक निजी आश्रम का मामला सामने आया है, जहां 17 छात्राओं ने संस्थान के प्रबंधक स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इन छात्राओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि स्वामी ने उनके साथ छेड़छाड़, अश्लील संदेश भेजने और शारीरिक उत्पीड़न की कोशिश की।

शिकायत के अनुसार, छात्राओं ने बताया कि आश्रम और संस्थान के कुछ महिला कर्मचारी और प्रोफेसर भी उनसे दबाव डालते थे कि वे स्वामी की मांगें मान लें। छात्राओं ने यह भी कहा कि स्वामी से उनका संपर्क आश्रम के वार्ड के माध्यम से कराया गया था।

पुलिस ने कुल 32 छात्राओं के बयान दर्ज किए और उसके आधार पर जांच शुरू की। जांच में आश्रम के सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की गई और स्वामी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। इसके अलावा, आश्रम से यूएन की नंबर प्लेट वाली कार बरामद हुई, जो बाद में फर्जी साबित हुई।

संस्थान की ओर से बताया गया है कि स्वामी चैतन्यानंद, जिन्हें पहले स्वामी पार्थसारथी के नाम से जाना जाता था, पर पहले भी अवैध और अनुचित गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप लग चुके हैं। यही कारण है कि श्रृंगेरी पीठ ने उनसे अपने सभी संबंध तोड़ लिए हैं। शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च एआईसीटीई मान्यता प्राप्त संस्थान है।

पुलिस अब स्वामी की तलाश में जुटी है और जाँच के लिए बरामद एनवीआर/हार्ड डिस्क को फोरेंसिक साइंस लेवल (एफएसएल) भेजा गया है।

इस मामले ने न केवल छात्राओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है, बल्कि आश्रम और संस्थान प्रबंधन की भी जिम्मेदारी को सवालों के घेरे में ला दिया है।