Uttar Pradesh @2047 : 6 लाख लोगों ने दिए बेहतर भविष्य के सुझाव
India News Live,Digital Desk : उत्तर प्रदेश को वर्ष 2047 तक एक विकसित राज्य बनाने के लिए चल रहे ‘समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश @2047 अभियान’ को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। बुधवार, 24 सितम्बर तक इस अभियान में प्रदेश के करीब 6 लाख लोगों ने अपने सुझाव साझा किए हैं।
ग्रामीण इलाकों से लगभग 4.70 लाख और शहरी क्षेत्रों से करीब 1.30 लाख लोग इस पहल में शामिल हुए। इनमें सबसे ज्यादा 3.20 लाख सुझाव 31 से 60 वर्ष आयु वर्ग से आए हैं, जबकि 2.40 लाख सुझाव युवाओं (31 वर्ष से कम आयु वर्ग) ने दिए। वहीं, 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग से भी करीब 40 हजार सुझाव प्राप्त हुए।
जिलेवार फीडबैक
महाराजगंज: लगभग 62 हजार सुझाव – प्रथम स्थान
कानपुर देहात: करीब 30 हजार सुझाव – द्वितीय स्थान
संभल: 22 हजार से अधिक सुझाव – तृतीय स्थान
इसके अलावा प्रयागराज, गोरखपुर, सहारनपुर, मेरठ, फिरोजाबाद, मैनपुरी और फर्रुखाबाद समेत कई जिलों से 4 लाख से ज्यादा फीडबैक दर्ज किए गए।
किन विषयों पर मिले सुझाव?
लोगों ने सबसे ज्यादा सुझाव इन क्षेत्रों पर दिए:
शिक्षा
स्वास्थ्य
कृषि
समाज कल्याण
शहरी व ग्रामीण विकास
इंडस्ट्री व आईटी
सुरक्षा
सिर्फ आईटी और टेक्नोलॉजी से ही 14,700 से अधिक सुझाव आए, जबकि इंडस्ट्री सेक्टर से 15,182 सुझाव दर्ज किए गए।
जनता के अहम सुझाव
बलिया से आशुतोष पटेल ने कहा कि यूपी को 2045 तक तकनीकी रूप से विकसित राज्य बनाने के लिए डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट एजुकेशन, एआई, साइबर सिक्योरिटी, एग्री-टेक, ग्रीन टेक और इंडस्ट्री 4.0 पर फोकस करना होगा।
मऊ से सविता का सुझाव है कि हर गांव की ‘बीसी सखी’ को डेयरी उद्योग से जोड़ा जाए और उन्हें मुफ्त दूध प्रसंस्करण मशीनें दी जाएं। इससे उनकी आय बढ़ेगी और वे अधिक आत्मनिर्भर बनेंगी।
लखनऊ से हीरालाल भगौरे ने सुझाव दिया कि जिन गांवों में मत्स्य पालन होता है, उन्हें ‘मॉडल फिशरी विलेज’ के रूप में विकसित किया जाए। साथ ही, जल गुणवत्ता प्रयोगशालाएं और झींगा प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित कर किसानों और मछुआरों की आय में वृद्धि की जाए।