"These people will kill me": इमरान खान की बहनों का सनसनीखेज दावा; जनरल मुनीर और मोहसिन नकवी पर लगाए हत्या की साजिश के आरोप

Post

India News Live,Digital Desk : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और दिग्गज क्रिकेटर इमरान खान की सुरक्षा और सेहत को लेकर छिड़ा विवाद अब एक खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अडियाला जेल में बंद इमरान खान की बहनों, अलीमा खान और डॉ. उजमा खान ने सीधे तौर पर पाकिस्तान के सेना प्रमुख (COAS) जनरल आसिम मुनीर और गृह मंत्री मोहसिन नकवी पर उनके भाई की हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। इस दावे ने पाकिस्तान की राजनीति में हड़कंप मचा दिया है।

जेल के भीतर रची जा रही है मौत की साजिश?

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इमरान खान की बहन डॉ. उजमा खान ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जेल में मुलाकात के दौरान इमरान खान ने खुद अपनी जान को खतरा बताया है। उजमा के मुताबिक, इमरान ने उनसे कहा, "ये लोग मुझे मार डालेंगे, इन्होंने मुझे रास्ते से हटाने का पूरा प्लान तैयार कर लिया है।" बहनों का आरोप है कि इमरान खान को दी जा रही चिकित्सीय सुविधाएं नाकाफी हैं और उनकी सेहत जानबूझकर बिगाड़ी जा रही है।

मोहसिन नकवी पर बरसीं अलीमा खान: 'पीढ़ियों को नहीं छोड़ेंगे'

इमरान की दूसरी बहन अलीमा खान ने पाकिस्तान के गृह मंत्री और पीसीबी (PCB) चेयरमैन मोहसिन नकवी पर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया। अलीमा ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, "मोहसिन नकवी के मुंह को खून लग चुका है, वे हमें डराने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन याद रखना, अगर इमरान खान या हमारे परिवार को कुछ भी हुआ, तो हम उनकी आने वाली पीढ़ियों तक को नहीं छोड़ेंगे।" अलीमा ने यह भी दावा किया कि इमरान की आंखों की रोशनी और जनरल हेल्थ गिरती जा रही है, लेकिन सरकार उन्हें भरोसेमंद डॉक्टरों से मिलने नहीं दे रही।

गावस्कर और कपिल देव समेत दिग्गजों ने की अपील

इमरान खान की बिगड़ती हालत को लेकर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता जताई जा रही है। भारत के महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर, कपिल देव, ऑस्ट्रेलिया के ग्रेग चैपल और वेस्टइंडीज के क्लाइव लॉयड जैसे पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से मानवीय आधार पर अपील की है। इन दिग्गज खिलाड़ियों ने मांग की है कि इमरान खान के साथ जेल में गरिमापूर्ण और सही बर्ताव किया जाए और उन्हें उचित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए।

मेडिकल टीम पर रार: पर्सनल डॉक्टर को नहीं मिली इजाजत

इमरान खान की बहनों ने मांग की थी कि उनके निजी डॉक्टरों, डॉ. आसिम और डॉ. फैसल को उनकी जांच करने दी जाए। हालांकि, पाकिस्तानी प्रशासन ने इस मांग को सिरे से ठुकरा दिया है। बहनों का कहना है कि सरकार ने उनके द्वारा सुझाए गए विशेषज्ञों के नाम रिजेक्ट कर दिए हैं, जिससे उनकी नीयत पर शक गहराता है। जेल प्रशासन और सरकार के इस अड़ियल रुख ने इमरान खान के समर्थकों (PTI) के बीच भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।