BREAKING:
May 03 2026 11:39 am

प्रदेश के 22 जिलों के 255 सरकारी स्कूलों के भवन होंगे नये, 52 करोड़ से होगा पुनर्निर्माण और सुविधाओं का विकास

Post

India News Live,Digital Desk : प्रदेश सरकार ने शिक्षा ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत 22 जिलों के 255 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के जर्जर भवनों के पुनर्निर्माण, मरम्मत और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 52 करोड़ 14 लाख रुपये की दूसरी किस्त जारी कर दी गई है।

शासन के आदेश के मुताबिक, संबंधित जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआइओएस) को कार्य की गुणवत्ता और समय पर पूरा करने की जिम्मेदारी दी गई है। हर विद्यालय में चल रहे निर्माण कार्य का नियमित भौतिक निरीक्षण किया जाएगा और प्रगति की रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।

जारी की गई धनराशि सीधे कार्यदायी संस्थाओं को मिलेगी और इसे किसी अन्य काम में इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। यदि धनराशि समय पर उपयोग न होने के कारण लैप्स हो जाती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी। साथ ही, लेबर सेस का भुगतान श्रम विभाग को नियमानुसार किया जाएगा।

मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक हर 15 दिन में और डीआइओएस हर सप्ताह निरीक्षण करेंगे, ताकि काम तय समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा हो। इस राशि से भवनों का पुनर्निर्माण, जीर्णोद्धार, विस्तार, विद्युतीकरण और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।