IPL के इतिहास का सबसे बड़ा 'कलंक': दिल्ली कैपिटल्स ने बनाया पावरप्ले का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड
India News Live,Digital Desk : आईपीएल 2026 के 39वें मुकाबले में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में वह हुआ जिसकी कल्पना किसी क्रिकेट प्रेमी ने नहीं की थी। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल इतिहास का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। आरसीबी के गेंदबाजों ने ऐसी आग उगली कि दिल्ली की टीम पावरप्ले (पहले 6 ओवर) में ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और एक ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड बना डाला जो सालों तक याद रखा जाएगा।
पावरप्ले में '13' का फेर: दिल्ली ने तोड़ा 17 साल पुराना रिकॉर्ड
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी आरसीबी की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को संभलने का एक भी मौका नहीं दिया। दिल्ली कैपिटल्स पहले 6 ओवरों में 6 विकेट खोकर मात्र 13 रन ही बना सकी। यह आईपीएल इतिहास के 19 सालों में पावरप्ले का अब तक का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के नाम था, जिन्होंने पावरप्ले में 14 रन बनाए थे।
IPL इतिहास के 5 सबसे कम पावरप्ले स्कोर:
दिल्ली कैपिटल्स (2026): 13/6 बनाम RCB
राजस्थान रॉयल्स (2009): 14/2 बनाम RCB
सनराइजर्स हैदराबाद (2022): 14/3 बनाम RR
चेन्नई सुपर किंग्स (2011): 15/2 बनाम KKR
चेन्नई सुपर किंग्स (2015): 16/1 बनाम DC
भुवनेश्वर और हेजलवुड की 'कातिलाना' गेंदबाजी
दिल्ली की तबाही की पटकथा अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने लिखी। भुवनेश्वर कुमार ने अपने पहले ही ओवर में डेब्यू कर रहे साहिल पारख को शून्य पर आउट कर दिल्ली को पहला झटका दिया। इसके बाद हेजलवुड ने केएल राहुल (1 रन) और समीर रिजवी (गोल्डन डक) को आउट कर कमर तोड़ दी।
पारी संभलती उससे पहले ही भुवनेश्वर ने ट्रिस्टन स्टब्स (5 रन) को पवेलियन भेज दिया। कप्तान अक्षर पटेल भी बिना खाता खोले आउट हो गए और नितीश राणा मात्र 1 रन बनाकर छठे विकेट के रूप में चलते बने। दिल्ली के 6 बल्लेबाज मिलकर दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सके।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन:
दिल्ली कैपिटल्स: साहिल पारख, केएल राहुल (wk), नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, टी नटराजन, काइल जैमीसन।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (wk), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रसिख सलाम डार।