बड़े शहरों में टैक्स चोरी का खुलासा, फर्जी डोनेशन और बिलों के जरिए चल रहा था करोड़ों का खेल

Post

India News Live,Digital Desk : देशभर में इनकम टैक्स विभाग ने फर्जी टैक्स छूट के मामलों पर बड़ी कार्रवाई शुरू की है। विभाग ने 200 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी कर टैक्स चोरी की एक बड़ी साजिश का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ हो रही है जो फर्जी राजनीतिक डोनेशन, ट्यूशन फीस और मेडिकल खर्चों के नाम पर नकली बिल बनाकर टैक्स में छूट हासिल कर रहे थे।

कैसे होता था फर्जीवाड़ा?
सूत्रों के अनुसार, कुछ बिचौलिये कमीशन लेकर नकली डोनेशन और खर्चों के बिल तैयार करते थे। खासकर आयकर अधिनियम की धारा 80GGC के तहत मिलने वाली छूट का गलत फायदा उठाया जा रहा था। यह धारा राजनीतिक दलों या इलेक्टोरल ट्रस्ट को दिए गए दान पर टैक्स में छूट देती है।

कमीशन लेकर बनते थे नकली बिल
बताया गया है कि 5 से 10 प्रतिशत कमीशन के बदले फर्जी बिल बनवाए जाते थे। इन बिलों को टैक्स रिटर्न में लगाकर लोग टैक्स कटौती का दावा करते थे। सिर्फ राजनीतिक डोनेशन ही नहीं, बल्कि ट्यूशन फीस और मेडिकल खर्चों के नाम पर भी ये गोरखधंधा चल रहा था।

बड़े शहर बने फर्जीवाड़े का अड्डा
यह घोटाला खासतौर पर दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और अन्य मेट्रो सिटीज़ में फैल रहा था, जहां प्रभावशाली लोग अपने रसूख के दम पर सिस्टम को चकमा दे रहे थे। शिकायतें मिलने के बाद आयकर विभाग ने इसे गंभीरता से लिया और अब सख्त कार्रवाई की जा रही है।