Taliban court verdict : नाबालिग के हाथों मौत, वायरल वीडियो ने बढ़ाई हलचल
India News Live,Digital Desk : अफगानिस्तान से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि एक बड़े स्टेडियम में हजारों लोगों की मौजूदगी में एक युवक को गोली मारकर मौत की सजा दी गई, और हैरानी की बात यह है कि ये सजा एक 13 साल के बच्चे ने दी।
यह युवक उसी बच्चे के परिजनों की हत्या के आरोप में पकड़ा गया था। तालिबान प्रशासन ने जांच के बाद उसकी पहचान की और मामला सुप्रीम कोर्ट तक गया। कोर्ट ने उसे दोषी पाया और इसके बाद तालिबान के सर्वोच्च नेता हिबतुल्लाह अखुंदजादा ने उसकी फांसी को मंजूरी दी।
बच्चे ने माफी देने से इनकार किया
सजा से पहले 13 साल के लड़के से पूछा गया कि क्या वह आरोपी को माफ करना चाहता है। लड़के ने इस पर साफ इनकार कर दिया। इसके बाद तालिबानी अधिकारियों ने जनता को इस सजा को देखने के लिए बुलाने की घोषणा कर दी और इसके नोटिस पूरे इलाके में फैलाए गए।
80 हजार की भीड़ में सजा दी गई
सार्वजनिक फांसी देखने के लिए स्टेडियम में लगभग 80 हजार लोग जमा हो गए। भीड़ के बीच तालिबान अधिकारियों ने लड़के को हथियार दिया और उसे आरोपी को गोली मारने का आदेश दिया। कुछ ही पलों में लड़के ने फायरिंग की और आरोपी की मौत हो गई।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, तालिबान के सर्वोच्च न्यायालय ने बताया कि मारे गए व्यक्ति की पहचान मंगल, पुत्र तलाह खान के रूप में हुई है। उस पर अब्दुल रहमान नामक व्यक्ति की हत्या का आरोप था, जिसके मामले में उसे दोषी पाया गया था।
वीडियो तेजी से वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। इसमें भीड़ से भरे स्टेडियम में दी गई सार्वजनिक सजा के दृश्य और चारों तरफ से सुनाई दे रही आवाजें देखी जा सकती हैं। वीडियो ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।