सिडनी आतंकी हमले के बाद ऑस्ट्रेलिया में कड़ा सुरक्षा कदम, संसद ने पास किए दो नए कानून
- by Priyanka Tiwari
- 2026-01-21 16:34:00
India News Live,Digital Desk : 14 दिसंबर 2025 को सिडनी के बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले ने ऑस्ट्रेलिया को हिला कर रख दिया। बाप-बेटे की अंधाधुंध फायरिंग में 15 लोगों की मौत हुई और कई घायल हुए। इस घटना के बाद ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तुरंत कार्रवाई की।
संसद में पास हुए दो अहम बिल
हमले के बाद ऑस्ट्रेलियाई संसद ने नफरती भाषण और बंदूक कानून पर दो नए बिल पास किए। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा, “हमने तय किया था कि एकता के साथ जल्द से जल्द कानून लाएंगे और हमने इसे कर दिखाया।”
नए कानून का असर और संभावित बदलाव
सरकार ने पहले एक ही बिल लाने का निर्णय लिया था, लेकिन बाद में नफरती भाषण और बंदूक कानून पर अलग-अलग बिल पेश किए गए। ये बिल मंगलवार को निचले सदन में पेश हुए और सभी सांसदों ने हरी झंडी दिखाई।
नए कानून के तहत हिज्ब-उत-तहरीर जैसे कई संगठन ऑस्ट्रेलिया के हेट स्पीच कानून के दायरे में आएंगे। हालांकि, इन्हें आतंकी संगठन घोषित नहीं किया गया है, लेकिन कट्टरपंथी गतिविधियों पर शिकंजा कसने में यह कानून मददगार साबित होगा।
प्रधानमंत्री का संदेश
प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि नए कानून ऑस्ट्रेलिया की जनता को सुरक्षित रखने के लिए महत्वपूर्ण हैं और इससे देश में एकता और सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।