Trump's claim: भारत-पाक सीजफायर 2025 की सबसे बड़ी जीत, ‘परमाणु हमला टला’
- by Priyanka Tiwari
- 2026-01-21 16:36:00
India News Live,Digital Desk : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल का एक साल पूरा हो चुका है। ट्रंप ने कहा कि उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि भारत और पाकिस्तान के बीच 2025 का सीजफायर करवाना रही। उनके अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दोनों देशों के बीच तनाव इतना बढ़ गया था कि परमाणु हमले की नौबत आ गई थी।
ऑपरेशन सिंदूर और ट्रंप का बयान
ट्रंप ने कहा, “पिछले 10 महीनों में मैंने 8 युद्ध रोकवाए। खासकर भारत और पाकिस्तान के बीच स्थिति बिगड़ चुकी थी। दोनों ने एक-दूसरे के 8 लड़ाकू विमान मार गिराए थे। परमाणु हमले की संभावनाओं को देखते हुए मैंने सीजफायर करवाया।”
उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने वाशिंगटन में उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा कि 1 करोड़ से ज्यादा लोगों की जान बचाई गई। ट्रंप ने दावा किया कि उन्हें इसके लिए नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए।
ऑपरेशन सिंदूर की पृष्ठभूमि
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर में पहलगाम हमला हुआ, जिसके बाद भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने कई आतंकी ठिकानों को नष्ट किया और पाकिस्तानी सेना पर पलटवार करते हुए कई एयरबेस तबाह किए।
भारत ने ट्रंप के दावों को खारिज किया
भारत ने स्पष्ट किया कि इस तनाव में किसी तीसरे देश की मध्यस्थता की आवश्यकता नहीं थी। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका की ट्रेड न करने की धमकी के बाद दोनों देशों ने पीछे हटने का निर्णय लिया। हालांकि, भारत ने इस दावे को खारिज किया और सीजफायर के लिए किसी बाहरी देश की भूमिका से इनकार किया।