BREAKING:
July 16 2026 04:31 pm

राम मंदिर दान चोरी: टिन्नू और मनीष यादव को पुलिस रिमांड न मिलने पर उठे गंभीर सवाल, क्या है चंपत राय कनेक्शन

Post

अयोध्या के बहुचर्चित श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर अब नए सवाल खड़े होने लगे हैं। इस मामले में गिरफ्तार कुल आठ आरोपियों में से छह को पुलिस अलग-अलग चरणों में कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। लेकिन, चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपियों में शामिल रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और उसके रिश्तेदार मनीष यादव को अभी तक रिमांड पर नहीं लिया गया है, जिससे जांच की दिशा पर अंगुलियां उठ रही हैं।

चंपत राय के करीबी होने के कारण राहत की चर्चाएं तेज

सोशल मीडिया पर इस बात को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं कि टिन्नू यादव को पुलिस रिमांड में न लेना किसी बड़ी राहत का हिस्सा तो नहीं है? दरअसल, टिन्नू यादव को राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय का बेहद करीबी माना जाता है। इंटरनेट पर दावों की मानें तो जिस तरह पूर्व में जांच एजेंसियों ने चंपत राय को क्लीन चिट जैसी स्थिति दी थी, ठीक उसी तरह टिन्नू को भी बचाने की पटकथा तैयार की जा रही है। हालांकि, पुलिस या जांच एजेंसियों ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

राम मंदिर में बदलेगा निजाम, सुरक्षा और सफाईकर्मियों पर चलेगी कैंची

दान चोरी कांड के बाद राम मंदिर परिसर की सुरक्षा और व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी है। नए महासचिव कृष्ण मोहन ने मंदिर में तैनात निजी सुरक्षा एजेंसी ISI और सफाई व्यवस्था संभाल रही BVG इंडिया सहित सभी तीन एजेंसियों के अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) तलब कर लिए हैं। मंदिर परिसर में जरूरत से ज्यादा सुरक्षा गार्डों और हाउसकीपिंग स्टाफ की फौज को अब नियंत्रित किया जाएगा।

सबसे दिलचस्प बात यह है कि हाउसकीपिंग के नाम पर रखे गए जिन कर्मियों ने बाहर खुद को चढ़ावे का 'खजांची' घोषित कर रखा था, उन्हें अब मूल काम यानी सफाई व्यवस्था में वापस भेजा जा रहा है, जिससे मंदिर के स्टाफ में हड़कंप मचा हुआ है।