BREAKING:
July 16 2026 04:32 pm

'विकास का सिर्फ ढोल, भ्रष्टाचार से पिछड़ा यूपी': अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तीखा पलटवार, 2027 के लिए ठोंकी ताल

Post

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग बेहद आक्रामक हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लगातार सपा के पुराने कार्यकाल पर किए जा रहे हमलों के बाद अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने करारा पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश केवल विज्ञापनों में चमक रहा है, जबकि हकीकत में यह प्रशासनिक अक्षमता और भ्रष्टाचार के कारण पिछड़ता जा रहा है।

एक्सप्रेस-वे धंस रहे और लूट का चक्र जारी

सपा मुखिया ने बुनियादी ढांचे के विकास पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में बड़े-बड़े दावों के साथ एक्सप्रेस-वे तो बनाए जा रहे हैं, लेकिन उनकी सड़कें पहली ही बरसात में धंसने लगी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हर तरफ लूट, झूठ और भ्रष्टाचार का चक्र अबाध गति से चल रहा है। जो योजनाएं बड़े-बड़े विज्ञापनों का हिस्सा थीं, वे अब भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी हैं और जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए त्रस्त है।

राम मंदिर दान चोरी मामले पर घेरा, तिकड़ी पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने अयोध्या के राम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी कांड को लेकर भाजपा, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की तिकड़ी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकास का ढोल पीटने वाली सरकार के कुकृत्यों के कारण पावन अयोध्या नगरी पर दान चोरी का काला दाग लग गया है। आस्थावानों की भावनाओं के साथ सुनियोजित तरीके से खिलवाड़ किया गया और न्यास के नाम पर चहेतों को बैठाकर भ्रष्टाचार के 'व्यास' को बढ़ाया गया।

किसान बेहाल और पूंजीपतियों को संरक्षण

डबल इंजन सरकार को हर मोर्चे पर नाकाम बताते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि आज सूबे का किसान खाद, बीज और कीटनाशकों के लिए परेशान है। फसलों की लागत तक नहीं मिल पा रही है और सरकार केवल पूंजीपतियों को संरक्षण देने में जुटी है। कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और निवेश के नाम पर केवल जुमलेबाजी हो रही है। अखिलेश ने दावा किया कि भाजपा से तंग आ चुकी जनता अब 2027 में पूर्ण बहुमत के साथ सपा की सरकार बनाने का संकल्प ले चुकी है।