Scholarship Scheme 2026-27 : आवेदन की धीमी रफ्तार से शिक्षा विभाग चिंतित
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-13 02:01:00
India News Live,Digital Desk : राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना परीक्षा 2026-27 के लिए आवेदन की गति अभी बहुत धीमी है। इस वजह से शिक्षा विभाग की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इस योजना के तहत प्रदेश को तय कोटे से 15% अधिक आवेदन कराने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआइओएस) और बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को निर्देश दिए हैं कि वे योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और योग्य छात्रों को आवेदन के लिए प्रेरित करें।
इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 अगस्त से शुरू हुई है और 24 सितंबर तक चलेगी। आवेदन से जुड़ी सभी जानकारी www.entdata.co.in वेबसाइट पर उपलब्ध है।
छात्रवृत्ति के लिए वही विद्यार्थी पात्र हैं, जो वर्तमान में कक्षा 8 में पढ़ रहे हों और सत्र 2024-25 में कक्षा 7 न्यूनतम 55% अंकों के साथ उत्तीर्ण कर चुके हों। साथ ही, उनके अभिभावकों की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक न हो। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को न्यूनतम अंकों में 5% की छूट दी गई है।
इस परीक्षा का आयोजन 9 नवंबर 2025 को विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। इसमें राज्य सरकार की आरक्षण नीति लागू होगी। मेरिट सूची के आधार पर चुने गए विद्यार्थियों को प्रति माह 1000 रुपये यानी सालाना 12 हजार रुपये छात्रवृत्ति के रूप में दिए जाएंगे।
शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ. महेंद्र देव ने सभी डीआइओएस और बीएसए को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिले के राजकीय, सहायता प्राप्त और परिषद के स्कूलों के प्रधानाचार्यों, खंड शिक्षा अधिकारियों और एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) की बैठक बुलाकर योजना का प्रचार सुनिश्चित करें और योग्य छात्रों को आवेदन के लिए प्रेरित करें।