नेपाल में फंसे भारतीय सुरक्षित वापस, सीमा पर मुस्तैद सुरक्षा व्यवस्था
- by Priyanka Tiwari
- 2025-09-13 01:59:00
India News Live,Digital Desk : नेपाल में हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। इसी को देखते हुए भारत के सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा और ज्यादा कड़ी कर दी गई है। पुलिस और पीएसी की अतिरिक्त टीमें चौकसी में जुटी हैं और सीमा पर लगातार गश्त की जा रही है। सीमा पार से आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। वहीं, नेपाल में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालकर वापस लाने की प्रक्रिया भी जारी है।
डीजीपी मुख्यालय में बनाए गए विशेष नियंत्रण कक्ष को अब तक 27 कॉल प्राप्त हुई हैं। इनमें बताया गया कि करीब 409 भारतीय नेपाल में फंसे हुए हैं। इनमें गोरखपुर, प्रयागराज, मेरठ, मऊ, बदायूं जैसे जिलों के लोग शामिल हैं। इसके अलावा बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, बेंगलुरु, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश और हैदराबाद से भी लोग नेपाल में फंसे पाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नेपाल की सेना और पुलिस के सहयोग से अब तक 251 भारतीयों को सुरक्षित भारत लाया जा चुका है। वहीं, नेपाल की जेलों में अलग-अलग मामलों में बंद रहे करीब एक दर्जन से ज्यादा भारतीय कैदी वहां से भागकर सीमा तक पहुंचे, जिन्हें भारतीय पुलिस और एसएसबी ने पकड़ लिया। बाद में इन्हें नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया।
सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि नेपाल की जेलों से भागे हुए किसी भी अपराधी को भारतीय सीमा में घुसने का मौका न मिले। इसके लिए लगातार सख्ती और चौकसी बरती जा रही है।