बिहार चुनाव में सभी सीटों पर उतरेगी 'आप', संजय सिंह बोले- गठबंधन नहीं, अकेले लड़ेंगे चुनाव

Post

India News Live,Digital Desk : आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने साफ किया है कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में हर सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा कि 'आप' का फोकस शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं को रोजगार देने पर होगा। संजय सिंह ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि इस बार कोई गठबंधन नहीं होगा, पार्टी पूरी तरह से अकेले चुनाव लड़ेगी।

पटना में धरने के दौरान दी जानकारी

संजय सिंह पटना में एक धरने में हिस्सा लेने पहुंचे थे, जहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए यह बातें कही। उन्होंने कहा कि आइएनडीआइए गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव तक सीमित था, अब पार्टी बिहार, दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।

सरकार पर तीखा हमला

उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी हमला बोला। संजय सिंह ने कहा कि बिहार में युवाओं के रोजगार की मांग को लाठीचार्ज से दबाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दिल्ली में झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बिहार और यूपी के लोगों को उजाड़ रही है, जिन्हें अब दिल्ली से भगाया जा रहा है।

संदेश यात्रा के जरिए जनता से जुड़ाव

संजय सिंह ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने बिहार में "संदेश यात्रा" शुरू की है, जिससे जनता तक पार्टी का संदेश पहुंचे। अब तक तीन यात्राएं हो चुकी हैं और कुल सात यात्राएं होंगी। इन यात्राओं के दौरान पार्टी राज्य में चुनावी संभावनाएं भी परख रही है।

अग्निवीर योजना पर सवाल

केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना पर भी संजय सिंह ने बड़ा सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सेना में 1.80 लाख पद खाली हैं लेकिन स्थायी भर्ती न करके सिर्फ चार साल के लिए युवाओं को अग्निवीर बनाया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कभी किसी मंत्री, सांसद या विधायक का बेटा अग्निवीर बना है? अगर नहीं, तो सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि जब सेना पाकिस्तान के खिलाफ ठोस कार्रवाई कर रही थी, तब अचानक सीजफायर क्यों घोषित कर दिया गया? यह सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा करता है।

प्रधानमंत्री से मध्यस्थता की अपील

संजय सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आग्रह किया कि अगर उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात हो, तो वे दिल्ली में चल रही बुलडोजर कार्रवाई को रोकने की मांग उठाएं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में गरीब और मेहनतकश परिवारों की झुग्गियां तोड़ी जा रही हैं, जिनमें बड़ी संख्या में बिहार के लोग रहते हैं।