BREAKING:
May 05 2026 04:39 pm

क्षौर कर्म के नियम किस दिन बाल-नाखून काटना बढ़ाता है आयु और कब है वर्जित? जानें सही दिन और विधि

Post

India News Live, Digital Desk:  हिंदू धर्म में स्वच्छता और शुद्धिकरण को केवल शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक प्रक्रिया माना गया है। इसी प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है 'क्षौर कर्म'। शास्त्रों में बाल, दाढ़ी-मूंछ और नाखून काटने के लिए विशेष दिन और मुहूर्त निर्धारित किए गए हैं। मान्यता है कि गलत समय पर किया गया क्षौर कर्म व्यक्ति की आयु, धन और स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डालता है। आइए जानते हैं क्या है क्षौर कर्म और इससे जुड़े वो नियम जो आपके जीवन में खुशहाली ला सकते हैं।

क्या होता है क्षौर कर्म?

क्षौर कर्म एक धार्मिक और शास्त्रीय प्रक्रिया है जिसमें शरीर के अनावश्यक केश (बाल) और नाखून काटकर स्वच्छता की जाती है। इसमें मुंडन, दाढ़ी-मूंछ बनाना और नाखूनों की सफाई शामिल है। इसे सौंदर्य के साथ-साथ शुद्धिकरण और शरीर की ऊर्जा को संतुलित करने का माध्यम माना जाता है। श्राद्ध कर्म या किसी विशेष धार्मिक अनुष्ठान के समय भी कर्ता के लिए क्षौर कर्म अनिवार्य होता है, जो पुरानी अशुद्धियों के त्याग का प्रतीक है।

क्षौर कर्म की सही विधि और क्रम

शास्त्रों में बाल कटवाने का भी एक निश्चित क्रम बताया गया है। परंपरा के अनुसार, व्यक्ति को सबसे पहले दाहिनी ओर से दाढ़ी बनवानी चाहिए। इसके बाद मूंछ, फिर बगल के बाल और अंत में सिर के बाल (मुंडन) कटवाने चाहिए। नाखूनों को सबसे अंत में काटना और साफ करना चाहिए। इस क्रम का पालन करना शुभ माना जाता है।

किन दिनों में भूलकर भी न करें क्षौर कर्म (वर्जित दिन)

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, कुछ विशेष तिथियों और दिनों पर बाल या नाखून काटना भारी नुकसान पहुंचा सकता है:

वर्जित तिथियां: एकादशी, चतुर्दशी, अमावस्या, पूर्णिमा और संक्रांति के दिन क्षौर कर्म नहीं करना चाहिए।

वर्जित समय: भद्रा काल या किसी विशेष व्रत-त्योहार के दौरान भी इसे करने की मनाही है।

दिनों का प्रभाव:

मंगलवार: इस दिन बाल काटने से आयु के 8 महीने कम हो सकते हैं।

शनिवार: शनिवार को क्षौर कर्म करने से आयु 7 महीने घटती है।

गुरुवार: इस दिन बाल काटने से मान-सम्मान, धन और ज्ञान की हानि होती है।

रविवार: रविवार को क्षौर कर्म करने से 1 महीने की आयु कम होती है।

इन दिनों में क्षौर कर्म करना है सबसे शुभ

अगर आप अपनी आयु और धन में वृद्धि चाहते हैं, तो इन दिनों का चुनाव करें:

शुक्रवार: यह क्षौर कर्म के लिए सबसे उत्तम दिन है। इस दिन बाल-नाखून काटने से व्यक्तित्व में निखार आता है, धन की वृद्धि होती है और आयु में 11 महीने की बढ़ोतरी होती है।

बुधवार: बुधवार को यह कर्म करने से आयु 5 महीने बढ़ती है और शुभ फल प्राप्त होते हैं।

सोमवार: सोमवार को क्षौर कर्म करने से आयु 7 महीने बढ़ती है, लेकिन ध्यान रहे कि जिन लोगों को संतान सुख प्राप्त हो चुका है, उन्हें सोमवार को बाल नहीं कटवाने चाहिए।