Realme's new concept smartphone : 15,000mAh बैटरी, 5 दिन का बैकअप और 2 मिनट में 50% चार्ज
India News Live,Digital Desk : चीनी कंपनी रियलमी एक ऐसे फ़ोन पर काम कर रही है जिसके बारे में शायद ऐपल और सैमसंग ने सोचा भी नहीं होगा। हाल ही में रियलमी ने एक कॉन्सेप्ट स्मार्टफोन की झलक दिखाई थी जिसमें 15,000mAh की बैटरी होगी। यह बाज़ार में अभी उपलब्ध फ़ोनों की बैटरी क्षमता से 2-3 गुना ज़्यादा है। कंपनी ने इस फ़ोन को चीन में एक फैन फेस्टिवल में पेश किया। दावा किया जा रहा है कि यह बैटरी एक बार चार्ज करने पर 5 दिनों तक चलेगी।
सिंगल चार्ज पर 50 घंटे का वीडियो प्लेबैक
रियलमी की इस बैटरी में 100 प्रतिशत सिलिकॉन एनोड डिजाइन दिया गया है। इसकी एनर्जी डेनसिटी 1200 Wh/L है, जिसकी वजह से यह लंबे समय तक चल सकती है। कंपनी ने दावा किया है कि फुल चार्ज होने पर यह बैटरी 50 घंटे का वीडियो प्लेबैक, 18 घंटे की वीडियो रिकॉर्डिंग और 30 घंटे की गेमिंग को सपोर्ट करेगी। इस बैटरी की खास बात यह है कि इतनी क्षमता होने के बावजूद इसकी मोटाई सिर्फ 6.48 mm है। इस बैटरी के साथ आने वाले कॉन्सेप्ट फोन की मोटाई भी 8.89 mm है। इस फोन को पावर बैंक की तरह इस्तेमाल किया जा सकेगा और यह रिवर्स चार्जिंग को सपोर्ट करता है। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस फोन की बैटरी 320 वॉट की सुपरसोनिक चार्जिंग के साथ आएगी, जो इसे सिर्फ 2 मिनट में 50 प्रतिशत चार्ज कर देगी।
फ़ोन के बाकी फ़ीचर्स क्या हैं?
रियलमी ने इस कॉन्सेप्ट फ़ोन के बाकी फ़ीचर्स का खुलासा नहीं किया है, लेकिन सोशल मीडिया पर लीक हुई तस्वीरों से पता चलता है कि इसमें मीडियाटेक डाइमेंशन 7300 प्रोसेसर है, जो 12GB रैम और 256GB स्टोरेज के साथ आता है। इसमें 6.7 इंच का डिस्प्ले है। याद दिला दें कि यह अभी भी एक कॉन्सेप्ट फ़ोन है और इसकी बाज़ार में लॉन्च होने की कोई गारंटी नहीं है।