SRN अस्पताल में व्यवस्थाओं की पोल खुली, ट्रॉमा सेंटर की बदहाल स्थिति से प्राचार्य नाराज़

Post

India News Live,Digital Desk  प्रयागराज का स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय एक बार फिर बदइंतजामी को लेकर चर्चा में है। मरीजों की सुविधाओं का हाल जानने के लिए मंगलवार को मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के नए प्राचार्य डॉ. वी.के. पांडे अचानक ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान एक के बाद एक खामियां सामने आती गईं।

सबसे पहले ट्रॉमा सेंटर की लिफ्ट खराब मिली, जिससे मरीजों को स्लोप से ले जाना पड़ रहा है। इसके बाद पता चला कि डिजिटल एक्स-रे मशीन भी कई दिनों से खराब है, जिसके चलते मरीजों को दूसरी बिल्डिंग में भेजा जा रहा है। तीमारदारों ने बताया कि वाटर कूलर से करंट आ रहा है, जिसे सुनकर प्राचार्य भड़क उठे। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर प्रभारी को कड़ी चेतावनी दी कि या तो सुधार करें या परिणाम भुगतने को तैयार रहें।

गौरतलब है कि स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर करीब डेढ़ माह पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी सख्त नाराजगी जताई थी। कोर्ट ने जनसुविधाओं की बदहाली को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई थी। इसके बाद कुछ समय के लिए दिखावटी बदलाव जरूर हुए, लेकिन हालात फिर वही हो गए।

प्राचार्य के निरीक्षण में सर्जरी हाउस, मेडिसिन इमरजेंसी और दवा वितरण केंद्र की हालत भी संतोषजनक नहीं मिली। डॉ. पांडे ने साथ चल रहे वरिष्ठ चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में सुधार करें, वरना सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

एक जुलाई को कार्यभार संभालने के बाद डॉ. पांडे ने कई बदलाव करने की कोशिश की, लेकिन धरातल पर अब भी कई समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। अब देखना होगा कि यह निरीक्षण बदलाव की शुरुआत बनता है या फिर यह भी बाकी कोशिशों की तरह कागज़ों तक ही सीमित रह जाएगा।