Police support in the robbery of two crore rupees : हेड कॉन्स्टेबल समेत आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में मुख्य बदमाश ढेर
- by Priyanka Tiwari
- 2025-10-07 15:15:00
India News Live,Digital Desk : आगरा में जीआरपी के हेड कॉन्स्टेबल अंकुर प्रताप सिंह को दो करोड़ रुपये की लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया है। मथुरा में तैनात सिपाही मनोज कुमार का भी नाम सामने आया है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, अंकुर और मनोज को 30 सितंबर की सुबह मक्खनपुर हाईवे पर हुई इस बड़ी लूट की जानकारी पहले से थी। लूट के तुरंत बाद दोनों अपने निजी वाहन से नई दिल्ली पहुंचे और लुटेरों से नकद रकम ली। आरोप है कि उन्होंने लुटेरों से वादा किया था कि पुलिस की अंदरूनी कार्रवाई की जानकारी देंगे। गिरफ्तार अंकुर के पास से पांच लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
मुख्य आरोपी की मुठभेड़ में मौत
अलीगढ़ के खैर क्षेत्र के गांव अरनी के रहने वाले नरेश उर्फ पंकज ने 30 सितंबर की सुबह मक्खनपुर के गांव घुनपई में कानपुर-आगरा हाईवे पर गुजरात की जीके कंपनी की कार से कैश लूटा था। इसके साथ उसके छह साथी थे। पुलिस ने 4 अक्टूबर की शाम नरेश और उसके पांच साथियों को मक्खनपुर से गिरफ्तार किया। उनके पास से 1.05 करोड़ रुपये और अन्य सामान बरामद हुआ।
गैंग का सरगना था नरेश
नरेश गैंग का मुखिया था। पूछताछ में उसने बताया कि लूट की कुछ रकम अपने घर में और कुछ घटनास्थल के पास छिपा रखी है। पुलिस ने उसके घर से 20 लाख रुपये बरामद किए।
दोपहर में मक्खनपुर थाना प्रभारी चमन शर्मा और तीन पुलिसकर्मी उसे घटनास्थल पर ले गए। शौच के बहाने उसने हथकड़ी तोड़कर भागने की कोशिश की। उसकी तलाश में पूरे जिले में नाकाबंदी और चेकिंग की गई। रात आठ बजे हलपुरा अंडरपास के निकट बने जंगल में नरेश पुलिस से भिड़ गया।
छिपाई गई पिस्टल से फायरिंग
पुलिस के अनुसार, नरेश ने अपने साथ छिपाकर रखी दो पिस्टलों से ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसमें एसपी ग्रामीण अनुज कुमार चौधरी की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी और इंस्पेक्टर रामगढ़ संजीव कुमार दुबे भी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने पांच राउंड फायरिंग की। एक गोली नरेश के सीने में लगी, जिससे अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
उसके बाद खैरगढ़ इंस्पेक्टर राकेश कुमार की टीम नरेश के गांव रवाना हुई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।