"लोगों को लगता है मैं सिर्फ हंसना जानती हूं" अर्चना पूरन सिंह का छलका दर्द, फिल्ममेकर्स को लेकर कही बड़ी बात
India News Live,Digital Desk : मशहूर एक्ट्रेस और कॉमेडी शोज की जान मानी जाने वाली अर्चना पूरन सिंह (Archana Puran Singh) इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘टोस्टर’ (Toaster) को लेकर चर्चा में हैं। नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई इस फिल्म के प्रमोशन के दौरान अर्चना ने अपने करियर और फिल्म इंडस्ट्री के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने एक इमोशनल इंटरव्यू में बताया कि कैसे एक सफल टीवी शो का हिस्सा होना उनके एक्टिंग करियर के लिए रुकावट बन गया।
"फिल्ममेकर्स मुझे एक्टर नहीं समझते"
अर्चना पूरन सिंह ने अपने दिल का दर्द बयां करते हुए कहा कि आज भी इंडस्ट्री के कई फिल्ममेकर्स उन्हें एक संजीदा कलाकार के तौर पर नहीं देखते। अर्चना ने कहा, "मैं कितनी भी कोशिश कर लूं, मैं फिल्ममेकर्स को यकीन नहीं दिला पा रही हूं। उन्हें लगता है कि मैं कोई ऐसी इंसान हूं जो बस सोफे पर बैठकर हंसना जानती है। कोई मुझे ढंग के रोल ऑफर ही नहीं कर रहा है।" उन्होंने आगे कहा कि उनकी 'लाफ्टर क्वीन' वाली छवि उनकी एक्टिंग प्रतिभा पर भारी पड़ गई है।
कपिल शर्मा शो की वजह से छूटीं फिल्में?
अर्चना ने खुलासा किया कि टीवी पर 'द कपिल शर्मा शो' के दौरान वह साल में 100-100 एपिसोड शूट करती थीं। इस व्यस्तता की वजह से उन्होंने कई बड़े प्रोजेक्ट्स को ना कह दिया। उन्होंने एक किस्सा साझा करते हुए बताया, "एक बार मुझे स्कॉटलैंड में 25 दिनों की शूटिंग का ऑफर मिला था, लेकिन शो की वजह से मैं नहीं जा पाई। बार-बार मना करने के कारण लोगों ने मुझे काम के लिए अप्रोच करना ही बंद कर दिया।"
अब कैसे बदला समय?
अर्चना ने बताया कि अब शो नेटफ्लिक्स पर सीजनल आता है, जिससे उनके पास दूसरे प्रोजेक्ट्स के लिए वक्त निकल जाता है। फिल्म 'टोस्टर' मिलने के पीछे उन्होंने राजकुमार राव का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने बताया कि राजकुमार ने फिल्म ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’ में उनका काम देखा था और उन्होंने ही 'टोस्टर' के लिए अर्चना के नाम की सिफारिश की। अर्चना को उम्मीद है कि इस फिल्म के बाद फिल्ममेकर्स का उनके प्रति नजरिया बदलेगा।
'जलवा' से 'कपिल शर्मा शो' तक का सफर
अर्चना पूरन सिंह ने साल 1987 में नसीरुद्दीन शाह के साथ फिल्म 'जलवा' से बतौर लीड एक्ट्रेस शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों जैसे 'कुछ कुछ होता है', 'दे दना दन', और 'बोल बच्चन' में अपनी कॉमेडी से दर्शकों को लोटपोट किया। साल 2019 में उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू की जगह 'द कपिल शर्मा शो' में जज की कुर्सी संभाली और तब से वह लगातार चर्चा में बनी हुई हैं।