Operation Sindoor : अजीत डोभाल का बड़ा खुलासा - भारत को नहीं पहुंचा कोई नुकसान, हर लक्ष्य पर सटीक वार
India News Live,Digital Desk : 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने बेहद सटीक और योजनाबद्ध जवाब दिया। इस जवाबी कार्रवाई को नाम दिया गया – ऑपरेशन सिंदूर। इस ऑपरेशन को लेकर अब भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने पहली बार खुलकर बात की है।
IIT मद्रास में अपने संबोधन के दौरान डोभाल ने बताया कि भारत ने इस मिशन को बिना किसी नुकसान के अंजाम दिया। उन्होंने मीडिया में फैलाई जा रही झूठी खबरों को नकारते हुए कहा, “अगर कोई दिखा सके कि इस ऑपरेशन में भारत को नुकसान हुआ, तो वो तस्वीर सामने लाए। सच तो यह है कि एक गिलास तक नहीं टूटा।”
स्वदेशी तकनीक से चला मिशन
डोभाल ने इस बात पर गर्व जताया कि ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने पूरी तरह स्वदेशी तकनीक का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में टेक्नोलॉजी और युद्ध की रणनीति एक-दूसरे से जुड़ी हैं, और भारत ने यह साबित कर दिया है।
उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की सीमा के भीतर 9 आतंकी ठिकानों को टारगेट किया गया, जो कि सीमावर्ती इलाके नहीं थे। भारत के हमले बेहद सटीक थे और सिर्फ आतंकियों के अड्डों को निशाना बनाकर तबाह किया गया।
महज 23 मिनट में ऑपरेशन पूरा
NSA डोभाल ने बताया कि यह पूरा ऑपरेशन केवल 23 मिनट चला। इतने कम समय में ही भारतीय फौज ने दुश्मन को करारा जवाब दे दिया और किसी भी नागरिक या सैन्य ठिकाने को नुकसान नहीं हुआ।
विदेशी मीडिया पर निशाना
अपने भाषण में उन्होंने विदेशी मीडिया पर भी सवाल उठाए। डोभाल ने कहा कि कुछ अंतरराष्ट्रीय मीडिया हाउस ने ऑपरेशन को लेकर गलत सूचनाएं फैलाईं और पाकिस्तान के 13 एयरबेस को लेकर भ्रम फैलाया। उन्होंने कहा कि अगर कोई 10 मई से पहले और बाद की सैटेलाइट तस्वीरें देखे, तो सच्चाई खुद सामने आ जाएगी।
पाकिस्तान की नाकाम कोशिश
भारत के इस सटीक और ताकतवर ऑपरेशन से बौखलाए पाकिस्तान ने 7 मई की रात को भारतीय सैन्य और नागरिक ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल से हमले की कोशिश की। लेकिन भारत के डिफेंस सिस्टम ने हर हमले को नाकाम कर दिया और दुश्मन को पीछे हटना पड़ा।