न्यूयॉर्क मुंबई बनेगा? अरबपति बैरी स्टर्नलिच्ट का दावा — मेयर जोहरान ममदानी की किराया नीति से हिलेगा रियल एस्टेट बाजार

Post

India News Live,Digital Desk : न्यूयॉर्क सिटी के नए मेयर जोहरान ममदानी इन दिनों चर्चा के केंद्र में हैं। चुनाव में शानदार जीत हासिल करने के बाद उन्होंने जनता से किए वादों को पूरा करने की बात दोहराई है। लेकिन अब उनके वादों को लेकर अमेरिका के दिग्गज उद्योगपति और स्टारवुड कैपिटल ग्रुप के चेयरमैन बैरी स्टर्नलिच्ट ने बड़ा बयान दिया है, जिसने सबको चौंका दिया।

स्टर्नलिच्ट ने CNBC को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि अगर ममदानी अपनी “किराया फ्रीज” (Rent Freeze) योजना को लागू करते हैं, तो न्यूयॉर्क जल्द ही “मुंबई” की तरह बन जाएगा। उनके मुताबिक, यह नीति शहर के रियल एस्टेट सेक्टर को भारी नुकसान पहुंचाएगी और डेवलपर्स को न्यूयॉर्क छोड़ने पर मजबूर कर देगी।

बैरी स्टर्नलिच्ट का तर्क

बैरी ने कहा कि ममदानी की योजना “समाजवादी एजेंडे” की तरह है, जो बाजार की वास्तविकताओं से मेल नहीं खाती। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किरायों को फ्रीज किया गया, तो मकान मालिकों की आमदनी रुक जाएगी, निवेशक पीछे हट जाएंगे और आवास क्षेत्र में आर्थिक संकट गहराएगा।

उन्होंने कहा, “अगर न्यूयॉर्क में 100 मिलियन डॉलर से ज्यादा का कोई प्रोजेक्ट है, तो उसे यूनियन के साथ समझौता करना पड़ता है। इससे निर्माण लागत बहुत बढ़ जाती है और मकान की कीमतें आसमान छूने लगती हैं।”

स्टर्नलिच्ट के अनुसार, यही कारण है कि डेमोक्रेटिक पार्टी शासित राज्य अक्सर ज्यादा महंगे होते हैं, क्योंकि वहां के श्रम कानून और यूनियन नीतियां डेवलपर्स पर भारी पड़ती हैं।

ममदानी के वादे और योजनाएं

वहीं, मेयर जोहरान ममदानी चुनावी वादों को अमलीजामा पहनाने में जुट गए हैं। उन्होंने शहर में कई योजनाओं की घोषणा की है—

  • किराया स्थिर अपार्टमेंटों में किराया फ्रीज
  • फ्री बस सेवा शुरू करना
  • 6 महीने से 5 साल तक के बच्चों के लिए मुफ्त बाल देखभाल कार्यक्रम
  • हर नगर में पांच शहर-स्वामित्व वाली किराना दुकानों की स्थापना

ममदानी का कहना है कि ये कदम आम नागरिकों के जीवन को आसान बनाने के लिए हैं, जबकि आलोचक मानते हैं कि इनसे शहर की अर्थव्यवस्था पर भारी असर पड़ेगा।