New traffic structure in Daurala : अर्धगोलाकार ओवरब्रिज से बदलेगा दिल्ली-दून हाईवे का यातायात रूट
India News Live,Digital Desk : दिल्ली-दून हाईवे (पुराना एनएच-58) पर दौराला नगर पंचायत ऑफिस के सामने जल्द ही बड़ा ट्रैफिक बदलाव देखने को मिलेगा। मुजफ्फरनगर से मोदीपुरम की ओर आने वाले वाहनों को अब सीधा न जाकर अर्धगोलाकार ओवरब्रिज से होकर निकलना होगा। हाईवे का लगभग 300 मीटर हिस्सा एक तरफ से बंद किया जाएगा। यह बदलाव दिल्ली-दून हाईवे और मेरठ-नजीबाबाद हाईवे को जोड़ने के लिए बन रहे कनेक्टर के चलते किया जा रहा है। इसी कनेक्शन को सुचारू बनाने के लिए यहां इंटरचेंज तैयार हो रहा है और अर्धगोलाकार ओवरब्रिज उसी का हिस्सा है। वहीं, मोदीपुरम से मुजफ्फरनगर जाने वाले वाहनों के लिए किसी तरह का बदलाव नहीं होगा।
दौराला नगर पंचायत के पास ट्रैफिक अब ऐसे चलेगा
मुजफ्फरनगर से मोदीपुरम आने वाले वाहन सीधे न जाकर थोड़ा बाईं ओर मुड़ेंगे, फिर अर्धगोलाकार ओवरब्रिज से होकर वापस हाईवे पर उतरेंगे।
यदि मुजफ्फरनगर से आ रहे वाहनों को मवाना रोड (मेरठ-नजीबाबाद हाईवे) पर जाना है तो वे बाईं ओर मुड़कर रैंप से कनेक्टर पर पहुंच जाएंगे।
मेरठ-नजीबाबाद हाईवे से मोदीपुरम या सिवाया की ओर जाने वाले वाहन भी बाईं ओर रैंप लेते हुए दिल्ली-दून हाईवे पर चढ़ जाएंगे।
मोदीपुरम से मेरठ-नजीबाबाद हाईवे जाने वाले वाहन हल्का दाईं ओर मुड़कर अर्धगोलाकार ओवरब्रिज पर चढ़ेंगे और नीचे उतरते ही बाईं तरफ मुड़कर कनेक्टर पर पहुंच जाएंगे।
मेरठ-नजीबाबाद हाईवे से मुजफ्फरनगर जाना हो तो वाहन ओवरब्रिज के नीचे से सीधे बढ़ेंगे और हल्का दाईं ओर मुड़कर दिल्ली-दून हाईवे पर आ जाएंगे।
मोदीपुरम से मुजफ्फरनगर जाने वाले वाहनों की लेन पहले की तरह ही यथावत रहेगी, उसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इंटरचेंज बनने से ट्रैफिक और आसान होगा
एनएचएआई के अनुसार, मेरठ-नजीबाबाद हाईवे से दिल्ली-दून हाईवे को जोड़ने के लिए चार लेन का कनेक्टर बन रहा है। दौराला नगर पंचायत के सामने तैयार हो रहा यह इंटरचेंज दोनों ओर के वाहनों को बिना रुकावट एक-दूसरे की तरफ जाने में मदद करेगा।
परियोजना निदेशक अमित प्रणव ने बताया कि इस व्यवस्था से ट्रैफिक को किसी भी तरफ से परेशानी नहीं होगी और आवाजाही पहले से बेहतर हो जाएगी।