New GST reforms : सीएम योगी ने कहा- यह हर परिवार के लिए दीपावली का तोहफ़ा

Post

India News Live,Digital Desk : लखनऊ में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेस वार्ता कर 22 सितम्बर से लागू होने वाली नई जीएसटी दरों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कदम देशवासियों के लिए दीपावली से पहले एक बड़ा तोहफ़ा है। इससे महंगाई पर राहत मिलेगी और कारोबार को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ टैक्स सुधार नहीं है, बल्कि ऐसा बदलाव है जो हर नागरिक के जीवन को आसान बनाएगा। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता, किसान, व्यापारी और आम परिवार—सभी को इन सुधारों का लाभ शारदीय नवरात्रि के पहले दिन से मिलने लगेगा। योगी ने इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार भी जताया।

20 दिन में दिखे बदलाव

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री द्वारा किए गए टैक्स सुधार के ऐलान के परिणाम सिर्फ 20 दिनों में ही नज़र आने लगे हैं। 3 सितम्बर को जीएसटी काउंसिल की बैठक में लिए गए फैसले अब ज़मीन पर लागू हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल टैक्स सुधार नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला अभियान है।

जीएसटी का अब तक का सबसे बड़ा बदलाव

सीएम योगी ने याद दिलाया कि जुलाई 2017 में जीएसटी लागू होने से पहले देश में वैट, सेल टैक्स, सेवा कर, उत्पाद शुल्क, एंट्री टैक्स और मनोरंजन कर जैसे कई अलग-अलग टैक्स मौजूद थे। जीएसटी ने इन्हें खत्म कर देश को “वन नेशन, वन टैक्स” व्यवस्था दी। अब इसमें सबसे बड़ा सुधार किया गया है।

उन्होंने बताया कि पहले जीएसटी की चार स्लैब (5%, 12%, 18% और 28%) थीं, लेकिन अब इसे घटाकर सिर्फ दो स्लैब (5% और 18%) कर दिया गया है। 12% और 28% टैक्स हटा दिए गए हैं, जबकि कुछ विलासिता की वस्तुओं पर 40% टैक्स पहले की तरह जारी रहेगा। इस फैसले से आम लोगों को सीधी राहत मिलेगी। रसोई से लेकर खेती-किसानी, मकान निर्माण, हाईवे और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स तक हर क्षेत्र को फायदा पहुंचेगा।

घरेलू परिवारों को सीधा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब आम घरों को घरेलू खर्च में बड़ी राहत मिलेगी। दूध, दही, पनीर, शैम्पू, टूथपेस्ट, साबुन, साइकिल और बच्चों की ज़रूरी चीज़ों पर सिर्फ 5% या शून्य टैक्स लगेगा। इससे रोज़मर्रा का खर्च कम होगा और लोगों की क्रय क्षमता बढ़ेगी। योगी ने कहा कि जब लोग ज़्यादा खरीद सकेंगे, तो खपत और मांग बढ़ेगी और इससे उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।